खाम्बड़ा मस्जिद मामले में पुलिस ने किया केस दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, Sep 17, 2019 - 08:59 PM (IST)

जालंधर(मजहर): खाम्बड़ा स्थित मस्जिद-ए-कुबा में एक महिला द्वारा मस्जिद में घुसकर पवित्र कुरान और इमाम के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में थाना सदर के एस.एच.ओ. रेशम सिंह ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

आज रेशम सिंह ने मस्जिद-ए-कुबा पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि पुलिस आरोपी महिला की पहचान करने के लिए जगह-जगह पोस्टर लगा रही है। उन्होंने कहा कि जिसने भी धार्मिक मामलों को आहत पहुंचाने का यह काम किया है उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मुस्लिम भाईचारे के लोग पुलिस को सहयोग दें वह जल्द ही इस मामले को हल कर लेंगे। इस संबंध में मुस्लिम भाईचारे के लोगों ने बैठक के बाद पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर पुलिस ने 19 सितम्बर तक आरोपी महिला को गिरफ्तार नहीं किया तो वे 20 सितम्बर को जुमा की नमाज के बाद पंजाब सरकार का पुतला जलाएंगे और जालंधर, नकोदर राजमार्ग जाम करेंगे। 

बैठक में मौजूद जमात-ए-सलमानी बिरादरी के राष्ट्रीय महासचिव आकिब जावेद सलमानी, कांग्रेस मेनार्टी विभाग पंजाब के महासचिव अख्तर सलमानी, हाजी शमीम अहमद, नदीम अहमद, अली हसन गाजीगुल्ला, शहजाद सलमानी, अब्दुल रऊ मौजूद थे। आकिब जावेद ने कहा कि मुस्लिम भाईचारे में दिन-ब-दिन गुस्सा बढ़ता जा रहा है और पुलिस मस्जिद का अपमान करने वाली महिला को अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने आज थाना सदर के एस.एच.ओ. रेशम सिंह से मीटिंग कर 3 दिन का अल्टीमेटम दिया है और कहा कि अगर आरोपी महिला को गिरफ्तार नहीं किया तो उनका संघर्ष और तेज होगा। 
 

Vaneet