हैरोइन तस्कर मक्खन सिंह के घर पुलिस ने फिर की रेड, 6.50 लाख किए बरामद

punjabkesari.in Wednesday, Sep 18, 2019 - 08:39 AM (IST)

जालंधर(स.ह.): फिरोजपुर में रेड करके पकड़े गए पाकिस्तान से हैरोइन मंगवाने वाले तस्कर मक्खन सिंह के घर से पुलिस ने दोबारा रेड करके 6.50 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की है। मक्खन सिंह का रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने उसे दोबारा से रिमांड पर लिया है। पुलिस अब जल्द ही इसका खुलासा करेगी। 14 सितम्बर को भी सी.आई.ए. स्टाफ व थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने फिरोजपुर में मक्खन सिंह के घर में रेड की थी लेकिन तब कुछ भी बरामद नहीं हुआ था। दोबारा से पुलिस टीम ने आरोपी के घर रेड की तो घर में छिपा कर रखे 6.50 लाख रुपए बरामद हो गए। बताया जा रहा है कि सारी रकम ड्रग मनी की ही है जो 7 माह से हैरोइन बेच कर इकट्ठी की गई थी। पुलिस को शक है कि आरोपी के बेटे चरणजीत सिंह के पास भी ड्रग मनी की मोटी रकम हो सकती है। फिलहाल वह फरार है जिसकी तलाश में लगातार रेड की जा रही है। 

बता दें कि कुछ दिन पहले ही थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस द्वारा फिरोजपुर निवासी एक सरपंच व उसके साथी को अरैस्ट करके एक किलो हैरोइन बरामद की थी। उन्हीं से की गई पूछताछ में पता लगा था कि दोनों आरोपी मक्खन सिंह व उसके बेटे से हैरोइन मंगवाते हैं जिनके लिंक पाकिस्तानी तस्करों के साथ हैं। सी.आई.ए. स्टाफ-1 की टीम ने फिरोजपुर में रेड करके मक्खन सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया था जिसके भारत-पाकिस्तान बार्डर के पास लगते खेतों में से एक किलो हैरोइन बरामद हुई थी जबकि 30 बोर की चाइनीज पिस्तौल व 30 गोलियां भी मिली थीं।

पुलिस ने दावा किया था कि मक्खन के बेटे चरणजीत सिंह की गिरफ्तारी के बाद और भी कई लिंक मिल सकते हैं क्योंकि पाकिस्तानी सिम से चरणजीत सिंह ही हैरोइन की खेप से लेकर व पैसों के लेन-देन के लिए डील करता था। हालांकि ड्रग मनी बरामद होने की किसी ने पुष्टि नहीं की है। ए.सी.पी. वैस्ट बरजिंद्र सिंह का कहना था कि ड्रग मनी का अभी कुछ नहीं कह सकते। मामले की जांच जारी है जबकि सी.आई.ए. स्टाफ-1 के इंचार्ज हरमिंद्र सिंह ने भी किसी प्रकार की कोई पुष्टि नहीं की। 

Edited By

Sunita sarangal