प्रियंका गांधी की नियुक्ति के एक माह के भीतर UP में कांग्रेस के बूथ वर्करों की गिनती 2 लाख बढ़ी

punjabkesari.in Sunday, Mar 10, 2019 - 01:51 PM (IST)

जालंधर (धवन): कांग्रेस में प्रियंका गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के कांग्रेसी कार्यकत्र्ताओं में एक नया उत्साह पैदा हुआ है तथा अकेले उत्तर प्रदेश में ही बूथ स्तर के पंजीकृत कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की गिनती 2 लाख बढ़ गई है। अगर देशभर में पंजीकृत बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की गिनती का विश्लेषण किया जाए तो पता चलता है कि एक महीने के अंदर देश के अंदर 10 लाख कांग्रेस के बूथ कार्यकर्ता बने हैं।

उत्तर प्रदेश में अभी तक कांग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकत्र्ताओं की गिनती डेढ़ लाख हुआ करती थी, जो  प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने के पिछले एक महीने के अंदर बढ़कर साढ़े 3 लाख हो गई है। उत्तर प्रदेश के बाद कर्नाटक ऐसा राज्य है, जहां कांग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकत्र्ताओं की गिनती में अढ़ाई लाख तक की बढ़ौतरी दर्ज की गई है। कर्नाटक में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की गिनती 54 लाख हुआ करती थी, जिसमें अढ़ाई लाख की बढ़ौतरी हुई है।

इससे पता चलता है कि प्रियंका गांधी के आगे आने के बाद से कांग्रेसी कार्यकत्र्ताओं में एक नया उत्साह पैदा हुआ है। विभिन्न राज्यों में कांग्रेसी कार्यकत्र्ताओं के अंदर उत्साह देखा जा रहा है। संभवत: प्रियंका द्वारा लोकसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी चुनाव प्रचार किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के साथ-साथ तमिलनाडु तथा केरल में भी पार्टी कार्यकर्ता प्रियंका को चुनाव प्रचार के लिए बुलाना चाहते हैं।

कांग्रेस के ‘शक्ति’ एप के कारण कार्यकर्ताओं को गतिशील करने में मदद मिली है। प्रियंका ने अभी तक किसी भी सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं किया है। अभी वह उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने में लगी हुई हैं। लखनऊ में प्रियंका ने एक कॉल सैंटर भी स्थापित किया है, जहां से वह बूथ स्तर के कार्यकत्र्ताओं के साथ सीधे संपर्क में हैं। कार्यकत्र्ताओं द्वारा पूछे जा रहे सवालों के जवाब भी वह दे रही हैं। 11 से 14 फरवरी तक वह लखनऊ में रही थी तथा लंबे समय तक पार्टी कार्यकत्र्ताओं व संभावित उम्मीदवारों के साथ बैठकें करती रहीं।

swetha