रेलवे स्टेशन पर सैकेंड एंट्री की प्रपोजल रिजैक्ट

punjabkesari.in Monday, Apr 23, 2018 - 07:18 AM (IST)

जालंधर (गुलशन): सिटी रेलवे स्टेशन पर सैकेंड एंट्री की इंजीनियरिंग विभाग द्वारा भेजी गई प्रपोजल को फिरोजपुर मंडल के अधिकारियों ने रिजैक्ट कर दिया। प्रपोजल में माल गोदाम को खत्म करके स्टेशन की सैकेंड एंट्री को नैशनल हाईवे के साथ जोड़ा गया था। अधिकारियों का तर्क था कि माल गोदाम को सूरानुस्सी में शिफ्ट कर दिया जाए। इससे एक तो शहर की ट्रैफिक समस्या हल होगी, वहीं स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को पार्किंग की भी काफी सुविधा मिलेगी फिर भी मंडल अधिकारियों ने इस प्रपोजल को रद्द कर दिया है। माल गोदाम से रेलवे को काफी कमाई होती है इसलिए अधिकारी इसे खत्म नहीं करना चाहते।

इंजीनियरिंग विभाग ने मंडल को अब 2 और नक्शे बनाकर भेजे हैं जिनमें माल गोदाम से थोड़ा आगे ब्रिज इंस्पैक्टर के दफ्तर वाली जगह से सैकेंड एंट्री बनाने का प्रस्ताव बनाया है, इसमें एक नक्शे में रेलवे ने नगर निगम से 15 फुट जगह मांगी है, जिसके आगे की सड़क भी नगर निगम द्वारा बनाई जाएगी। दूसरे नक्शे में अगर नगर निगम रेलवे को 15 फुट जगह नहीं देता तो रेलवे अपनी हद के अंदर ही सैकेंड एंट्री बनाएगा। वहीं दूसरी तरफ लोगों का कहना है कि अगर खुली जगह में स्टेशन की सैकेंड एंट्री बनेगी तो ट्रैफिक की कोई समस्या नहीं रहेगी। लोगों ने कहा कि इस समय स्टेशन के मुख्य द्वार पर भी ट्रैफिक की काफी गंभीर समस्या है।

स्टेशन की दूसरी एंट्री के लिए प्रयास कर रहे सूर्या एंक्लेव रैजिडैंट वैल्फेयर सोसायटी के प्रधान राजन गुप्ता व आसपास के अन्य इलाकों के लोगों ने जल्द ही सैकेंड एंट्री का काम शुरू करने की मांग की। उल्लेखनीय है कि स्टेशन की सैकेंड एंट्री को लेकर बीते दिनों सांसद चौधरी संतोख सिंह ने शहर के सभी विधायकों को साथ लेकर डी.सी. के साथ एक मीटिंग की थी। मीटिंग में फिरोजपुर रेल मंडल के अधिकारी भी मौजूद थे। मीटिंग के बाद ही स्टेशन की सैकेंड एंट्री के लिए हलचल शुरू हुई है। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मंडल अधिकारियों से नक्शा फाइनल होने के बाद नक्शा रेलवे हैड क्वार्टर जाएगा वहां से फाइनल मुहर लगने के बाद ही स्टेशन की सैकेंड एंट्री का काम शुरू होगा।

Anjna