नगर कौंसिल के बाहर धरने पर बैठा प्रधान 30 घंटों से लापता, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Wednesday, May 15, 2019 - 11:49 AM (IST)

फिल्लौर(भाखड़ी): नगर कौंसिल के बाहर पिछले 10 दिनों से सफाई कर्मियों की मांगों को लेकर धरने पर बैठा प्रधान शीतल द्रविड़ पिछले 30 घंटों से रहस्यमयी हलातों में गायब है। पुलिस ने प्रधान का सुराग लगाने के लिए शहर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे और उसके फोन कॉल की डिटेल निकलवाई है।

सूचना के अनुसार प्रधान के करीबी साथी मदन लाल खोसला पूर्व पार्षद, विजय गिल व महिला पार्षद के पति सुरिन्द्र डावर ने बताया कि सफाई कर्मियों के प्रधान शीतल द्रविड़ गत दिवस शाम 5 बजे घर से निकले फिर वापस नहीं लौटा है। पारिवारिक सदस्यों के मुताबिक वह कभी भी बिन बताए आज तक घर से बाहर एक रात भी नहीं रुके हैं। लापता होने से पहले प्रधान शीतल द्रविड़ को शहर में पंजाब प्रधान चंदन ग्रेवाल भी मिलने आए थे और दोनों प्रधानों ने एस.डी.एम. फिल्लौर के साथ उनके कार्यालय में मुलाकात की। शाम 5 बजे प्रधान घर से निकले और वापस नहीं आए और प्रधान का फोन भी लगातार बंद आ रहा है। प्रधान के लापता होने की शिकायत मिलते ही पुलिस ने उनके आखिरी फोन कॉल की लोकेशन निकलवाई, जो गांव नंगल की आ रही थी जिसके बाद से प्रधान का फोन बंद है।

गांव नंगल में पहुंचकर पुलिस ने सी.सी.टी.वी. कैमरे चैक किए तो उसमें प्रधान शीतल गांव नंगल से वापस शहर की तरफ  आते दिखाई देते हैं, उसके बाद कुछ पता नहीं चल पाया है। लोगों का कहना है कि इस तरह प्रधान को गायब करना किसी की साजिश है तो पुलिस उसका तुरंत पता लगवाए। विधायक बलदेव खैहरा ने भी पुलिस थाने में पहुंचकर डी.एस.पी. व एस.एच.ओ. से मिलकर पुलिस कार्रवाई तेज करने की मांग की है। डी.एस.पी. दविन्द्र अत्री ने कहा कि प्रधान को गायब करने में जिस किसी की भी साजिश है उसे बख्शा नहीं जाएगा।

Vatika