बाढ़ प्रभावित इलाकों में अपने खर्च पर मीटर व तारें बदलेगा पावर निगम: सी.एम.डी. सरां

punjabkesari.in Sunday, Aug 25, 2019 - 08:46 AM (IST)

जालंधर(पुनीत): बाढ़ प्रभावित इलाकों में पावर निगम द्वारा अपने खर्च पर खराब हुए मीटर व तारें बदली जाएंगी, इसके लिए उपभोक्ता से कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। उक्त बातों का प्रकटावा पावर निगम के सी.एम.डी. बलदेव सिंह सरां ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान किया। लोहियां व सुल्तानपुर के इलाकों में उन्होंने मौका देखा व पावर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखने को कहा। 

यहां जालंधर में पावर निगम के गैस्ट हाऊस में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि पानी भर जाने के कारण रोपड़ के 2 जबकि लोहियां का 1 सब-स्टेशन बंद किया गया था, इनमें रोपड़ वाले सब स्टेशन पानी निकल जाने के कारण चालू कर दिए गए हैं। लोहियां के महराजवाला सब-स्टेशन में पानी भरा हुआ है जिसके चलते उसे चालू नहीं किया जा सका। इस सब-स्टेशन से 16 गांव चलते हैं जोकि बंद हैं। 

इसी तरह से सुल्तानपुर के गांव मानूमच्ची, मंडइंद्रपुर, जमालीवाल सहित फतेहपुर की सप्लाई भी बंद है। इसी तरह से 66 के.वी. भागोमुंडा सब स्टेशन से चलते 11 के.वी. शेरपुर फीडर की सप्लाई बंद है जिसके अंतर्गत आते कई फार्म हाऊस सुरक्षा के मद्देनजर बंद पड़े हैं। मंत्री तृप्त राजेन्द्र सिंह बाजवा, सी.एम.डी. सरां ने  डायरैक्टर डिस्ट्रीब्यूशन एन.के. शर्मा, चीफ इंजीनियर संजीव कुमार, चीफ इंजीनियर इंफोर्समैंट गोपाल शर्मा, सुपरिंटैंडैंट इंजीनियर हरजिन्द्र सिंह बांसल, कपूरथला के सुपरिंटैंडैंट इंजीनियर इंद्रपाल सिंह, सोमनाथ माही, डिप्टी चीफ इंजीनियर रजत शर्मा, डिप्टी चीफ इंजीनियर मीटरिंग आर.के. भारद्वाज सहित पावर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से मीटिंग के दौरान उन्होंने लोगों से संपर्क बनाए रखने को कहा। सरां ने कहा कि जैसे ही सब-स्टेशनों से पानी निकल जाएगा उन्हें तुरंत प्रभाव से चालू करवाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि पानी पड़ जाने के कारण खराब हो चुके मीटरों को बदलने के सारे इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। इसके साथ-साथ सप्लाई चालू करने के लिए जिन उपकरणों की जरूरत पड़ेगी उनका भी प्रबंध हो चुका है। 

swetha