पुष्पा गुजराल साइंस सिटी में लार्ज फॉर्मेट फिल्म थिएटर को अपग्रेड करने की मंजूरी
punjabkesari.in Saturday, Nov 26, 2022 - 04:13 PM (IST)
चंडीगढ़/जालंधर(अश्वनी, धवन): मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ ने आज पुष्पा गुजराल साइंस सिटी, कपूरथला में लार्ज फॉर्मेट फिल्म थिएटर को अपग्रेड करने के लिए हरी झंडी दे दी है। इस संबंधी फैसला आज यहां मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई साइंस सिटी की गवर्निंग बॉडी की बैठक के दौरान लिया गया।
मुख्य सचिव ने लार्ज फॉर्मेट फिल्म थिएटर को मौजूदा सिस्टम से हाई रेजोल्यूशन वाले फुल डोम डिजिटल इमॢसव प्रोजैक्शन सिस्टम में अपग्रेड करने की मंजूरी भी दी है। उन्होंने कहा कि पुष्पा गुजराल साइंस सिटी (पी.जी.एस.सी.) को मिशन पॉपुलर साइंस का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जंजुआ ने कहा कि गवर्निंग बॉडी ने एक नई 3डी फिल्म ‘डायनो सफारी’ की खरीद को मंजूरी दे दी है जो आम लोगों और विद्यार्थियों के लिए जल्द ही लांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मौजूदा वित्तीय वर्ष के दौरान 5 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं जिसमें से 4 करोड़ रुपए सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के दौरे के लिए पहले ही जारी किए जा चुके हैं। सचिव विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण राहुल तिवाड़ी ने बताया कि साइंस सिटी हर दिन विद्यार्थी आधारित गतिविधियां करवा रही है।

