किसान आंदोलन के चलते रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द, यात्री परेशान

punjabkesari.in Monday, Mar 04, 2019 - 10:56 PM (IST)

जालंधर(गुलशन): अमृतसर से थोड़ा पहले पड़ते मानांवाला स्टेशन के पास किसान जत्थे बंदियों द्वारा मांगों को लेकर रेल ट्रेक पर धरना प्रदर्शन किया गया। जिस कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। धरने की वजह से अमृतसर की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा करीब आधा दर्जन ट्रेनों को रद्द कर दिया गया और 1 दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को रूट बदलकर चलाया गया। किसान आंदोलन की वजह से दोपहर 2 बजे के बाद देर शाम तक कोई भी ट्रेन अमृतसर के लिए नहीं गई। ट्रेन ना होने के कारण यात्री इधर-उधर भटकते रहे।

सिटी स्टेशन से दोपहर 1:50 पर शाने पंजाब और 2 बजे जननायक एक्सप्रेस अमृतसर के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान मानांवाला में रेल ट्रेक अवरुद्ध होने की सूचना आ गई एतिहात के तौर पर शान-ए-पंजाब को व्यास रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया गया। दोपहर 2:15 बजे जालंधर सिटी स्टेशन पर पहुंची। टाटा मुरी एक्सप्रेस को भी यहीं रोक लिया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद यानी पौने 4 बजे टाटा मूरी को इंजन बदलकर वाया टांडा, मुकेरिया, दसूहा होते हुए जम्मू के लिए रवाना किया गया। इसके अलावा दिल्ली- पठानकोट एक्सप्रेस, अमृतसर-नांदेड़ सुपरफास्ट, अमृतसर-बिलासपुर एक्सप्रेस, अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, हावड़ा एक्सप्रेस,  दादर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को वाया तरनतारन होते हुए चलाया गया। 


 इन ट्रेनों को किया गया रद्द 
 ट्रेन संख्या              ट्रेन का नाम 
14505.                 अमृतसर- नंगल डैम एक्सप्रेस 
12412                  अमृतसर- चंडीगढ़ इंटरसिटी 
12241                  चंडीगढ़- अमृतसर इंटरसिटी 
54602                  अमृतसर हिसार पैसेंजर 
64524                  लुधियाना अंबाला पैसेंजर

इसके अलावा 12242  अमृतसर -चंडीगढ़ इंटरसिटी 5 मार्च को रद्द रहेगी

Vaneet