पिंगला घर में युवती को बनाया था गर्भवती, आरोपी को पकड़ने में नाकाम पुलिस

punjabkesari.in Tuesday, Oct 16, 2018 - 09:52 AM (IST)

जालंधर (कमलेश): पिंगला घर में दुष्कर्म का शिकार हुई मानसिक रोगी युवती के गर्भवती होने के मामले में प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट तैयार की थी जिसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए यह केस थाना-2 की पुलिस के पास आ गया था। पुलिस को मामला दर्ज किए हुए एक 1 माह हो गया है लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। एस.एच.ओ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पिंगला घर के कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। अब तक कई कर्मचारियों से पूछताछ हो चुकी है। पुलिस ने अब तक पिंगला घर की सी.सी.टी.वी. फुटेज और एंट्री रजिस्टर चैक नहीं किया है।  

मानवता को शर्मसार करने वाला आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर
आरोपी बेहद शातिर है। उसे पता था कि युवती किसी को उसके साथ हुए दुष्कर्म का खुलासा कर पाने में सक्षम नहीं होगी। गर्भवती होने के कारण दुष्कर्म का मामला सामने आया लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। मामले का पता लगने पर हरेक की जुबान पर यही बात थी कि ऐसा कर आरोपी ने मानवता को भी शर्मसार किया है। पुलिस जांच नें तेजी नहीं लाई गई तो आरोपी सबूतों को मिटाने की भी कोशिश कर सकता है।

एस.डी.एम. की रिपोर्ट से हट कर अलग एंगल पर क्यों जांच कर रही पुलिस!
मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद डी.सी. ने एस.डी.एम. शाहकोट को इस मामले की जांच सौंपी थी। जांच कमेटी ने गठित होने के 10 दिन के अंदर कमेटी ने अपनी रिपोर्ट डी.सी. को सौंप दी थी। डी.सी. के कहने पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज भी कर लिया था। गौरतलब है कि इस मामले में एस.डी.एम. व 7 सदस्यीय कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कुछ लोगों पर संदेह जताया था, लेकिन पुलिस अपनी जांच में अलग एंगल ले कर चल रही है और शुरुआत से केस की जांच कर रही है। 

Vatika