शूगर चैक करवाकर लौट रही महिला हुई ठगी का शिकार

punjabkesari.in Thursday, Apr 26, 2018 - 10:04 AM (IST)

जालंधर (महेश): किशनपुरा की गली नं. 6 के मोड़ पर बुधवार को सुबह 11.30 बजे मैडीकल स्टोर से शूगर चैक करवा कर पैदल घर जा रही एक महिला ठगी का शिकार हो गई। कार सवार महिलाएं पीड़िता रूप रानी पत्नी स्व. देस राज निवासी मोहल्ला किशनपुरा गली नं. 6 जालंधर को कोई नशीली चीज सुंघाकर उसकी सोने की चूडिय़ां उतार कर फरार हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना रामा मंडी के ए.एस.आई. हरदेव सिंह को पीड़िता रूप रानी ने बताया कि वह अपने घर की तरफ जा रही थी कि रास्ते में खड़ी सफेद रंग की कार की अगली सीट पर सवार एक महिला ने उसे आवाज लगाई जिसके बाद वह कार के नजदीक पहुंच गई। कार के पीछे वाली सीटों पर 2 महिलाएं बैठी थीं, जो आगे बैठी महिला से कहने लगीं कि यही तुम्हारी रिश्तेदार पुष्पा है। इतने में पीछे बैठी महिलाओं ने कार का शीशा नीचे कर कोई चीज सुंघा दी, जिसके बाद उसे कुछ पता नहीं चला कि उसके साथ क्या हुआ। वह वहां से पैदल चलकर अपनी भांजी के घर पहुंची और आधे घंटे के बाद उसके साथ जो हुआ, वह उसे याद आ गया। उसने अपने घर सूचना दी और उसकी बहू भी भांजी के घर पहुंच गई। 

जांच अधिकारी हरदेव सिंह ने बताया कि रूप रानी के बयानों पर फरार हुए कार सवार लोगों पर थाना रामा मंडी में आई.पी.सी. की धारा 379 व 420 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आस-पास लगे हुए सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Punjab Kesari