रायपुर-प्रौहला में  17 तोले सोने के गहनों व हजारों की नकदी पर हाथ साफ

punjabkesari.in Monday, Dec 17, 2018 - 08:30 AM (IST)

जालंधर (महेश): कमिश्नरेट पुलिस के थाना सदर के अधीन पड़ते गांव रायपुर प्रौहला (आबादी) में चोरों ने दिन-दिहाड़े एक घंटे में एक घर से लाखों रुपए की कीमत के 17 तोले सोने के गहनों व हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

दोपहर 2 से 3 बजे के बीच हुई इस वारदात की सूचना पृथ्वी सिंह पुत्र हरभजन सिंह द्वारा थाना सदर की पुलिस को दी गई, जिसके बाद ए.एस.आई. मुख्तयार सिंह मौके पर पहुंचे। पृथ्वी सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सपरोड़ नंगल अड्डे पर पेंट की दुकान करता है। उसने बताया कि वह सुबह 11 बजे किसी काम से दुकान से अपने गांव रायपुर प्रौहला आया था। उस दौरान उसकी भाभी कुलविन्द्र कौर बच्चों समेत मौजूद थी। उसने बताया कि वह गांव में ही किसी के घर चला गया। 

उसके बाद कुलविन्द्र कौर भी अपनेे बच्चों को साथ लेकर दोपहर 2 बजे गांव में ही दूसरी जगह स्थित पैतृक घर में चली गई। वह एक घंटे के बाद वापस 3 बजे घर पहुंची और गेट खोल कर घर के अंदर चली गई। 
वहां देखा कि दरवाजेे को लगे ताले टूटे पड़े थे और अलमारियां भी खुली पड़ी थीं। कुलविन्द्र की सूचना पर वह घर पहुंचा तो उसने उसे चोरी संबंधी जानकारी दी।

पृथ्वी सिंह के मुताबिक चोरों ने मात्र एक घंटे में ही वारदात को अंजाम दिया है और चोर दीवार फांद कर घर के अंदर घुसे हैं। चोरी हुए 17 तोले सोने में 2 चेनियां, 2 चूडिय़ां, 6 अंगूठियां, 1 लेडीज सैट, 1 कड़ा, 1 जोड़ी कांटे, 1 लेडीज अंगूठी इत्यादि शामिल हैं। इसके अलावा नकद 7000 रुपए भी थे। पुलिस ने पृथ्वी सिंह के बयान पर आई.पी.सी. की धारा 454 व 380 के तहत थाना सदर में केस दर्ज कर लिया है, लेकिन चोरों का कोई सुराग अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है।

swetha