लंबे चुनावी सफर के बाद सांसद संतोख चौधरी ने परिवार के साथ बिताया समय

punjabkesari.in Tuesday, May 21, 2019 - 09:12 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब में लंबे चुनावी सफर के बाद  जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह ने अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ समय बिताया। पंजाब में अंतिम चरण में मतदान होने के कारण उम्मीदवारों को लगभग 2 माह लगातार चुनावी अभियान में बिताने पड़े। 

सांसद चौधरी संतोख सिंह को कांग्रेस नेतृत्व ने टिकट देने का ऐलान 2 अप्रैल को किया था। उसके बाद लगभग डेढ़ महीने से भी अधिक समय तक संतोख चौधरी ने चुनावी अभियान में समय बिताया।  सुबह संतोख चौधरी ने सबसे पहले अपनी पत्नी कर्मजीत कौर, अपने पुत्र विक्रमजीत सिंह चौधरी, पुत्रवधू श्वेता तथा पौत्रियों सुखमणि व सहज के साथ इकट्ठे नाश्ता किया। इस दौरान चुनावों को लेकर भी चर्चा चलती रही। चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि लगभग डेढ़ माह के बाद परिवार के साथ बैठकर ब्रेकफास्ट किया है, क्योंकि चुनावी दौर के दिनों में वह सुबह जल्दी उठकर चुनावी बैठकों में भाग लेने के लिए चले जाते थे। उन्होंने चुनावी थकान को परिवार के साथ मिलकर दूर किया। 

चौधरी संतोख सिंह ने दोपहर के समय अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ बाहर जाकर लंच किया। लंच के दौरान पत्नी, पुत्र, पुत्रवधू व पौत्रियां साथ थीं। सांसद चौधरी ने दावा किया कि चुनावी अभियान के दौरान उन्हें सभी वर्गों के लोगों से पूरा सहयोग मिला है, जिसके लिए वह जालंधर के समस्त नागरिकों के दिल से आभारी हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह से लोगों ने उन्हें अपना समर्थन दिया है, उसे देखते हुए वह जालंधर सीट से भारी बहुमत से जीतेंगे। अब 23 मई की तारीख ज्यादा दूर नहीं है। विक्रमजीत चौधरी ने भी कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में उन्हें भारी सहयोग लोगों से मिला, जिसके लिए उनका परिवार सभी का आभारी है। 

शाम को जिम गए, वजन बढ़ चुका है 2 किलो
सांसद चौधरी संतोख सिंह शाम तक का समय अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ बिताने के बाद शाम को जिम गए व वहां जाकर शारीरिक व्यायाम किया। चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि चुनावों के दिनों में उनका वजन लगभग 2 किलो से अधिक बढ़ गया है, इसलिए इसे नियंत्रित करने के लिए अब वह कुछ दिनों तक लगातार जिम जाएंगे।

swetha