आज से होगी IPL की शुरूआत, जालंधर के सट्टेबाज हुए सरगर्म

punjabkesari.in Saturday, Mar 23, 2019 - 11:27 AM (IST)

जालंधर(कमलेश): 23 मार्च से आई.पी.एल. की शुरूआत होने जा रही है। ऐसे में जालंधर का सट्टा बाजार भी गर्मा गया है। सूत्रों के अनुसार जालंधर के बुकियों ने शहर में बुक को चलाने के लिए अपने गुप्त अड्डे बना लिए हैं। बुकियों ने सट्टा लगाने वालों को लाइनें अलॉट कर दी हैं। सट्टे की जानकारी रखने वालों को अंदाजा है कि इस सीजन में सिर्फ जालंधर में ही लगभग 500 करोड़ का सट्टा लगना तय है। सूत्रों की माने तो पिछले आई.पी.एल. सीजन में बुकी काफी पिटे थे और सट्टा खेलने वालों की चांदी रही थी। ऐसे में बुकी पिछले आई.पी.एल. सीजन में हुए नुक्सान की रिकवरी और इस सीजन में मोटा मुनाफा कमाने की ताक में है। अपनी सफलता के लिए गत दिनों से कई बुकी हिमाचल में स्थित मां बगलामुखी के आगे नतमस्तक हो रहे हैं। बुकियों ने इस धंधे को चलाने के लिए कई नए पंटरों को रखा है जोकि ग्राहक की गेम लाइन पर लेंगे।

शहर का प्रमुख बुकी आई.पी.एल. में कमाई के लिए रह रहा विवादों से दूर
जानकारी मिली है कि इस समय शहर का एक प्रमुख बुकी विवादों से दूर रह रहा है ताकि वह आई.पी.एल. सीजन में अच्छी कमाई कर सके। बता दें कि क्रिकेट मैचों में विवाद को लेकर बुकी पर हमला भी हुआ था। बुकी शहर में इमारतों पर कब्जे के लिए भी प्रसिद्ध है। बुकी पुलिस पर दबाव बनाकर अपने बुक के धंधे को बड़े आराम से चलाता आया है।

डी.जी.पी. ने जालंधर पुलिस कमिश्नर को दिए आई.पी.एल. के सट्टे को रोकने के निर्देश
पंजाब पुलिस के डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता ने आई.पी.एल. पर लगने वाले सट्टे को लेकर जालंधर के सी.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। डी.सी.पी. गुरमीत सिंह का भी कहना है कि पुलिस आई.पी.एल. पर सट्टे की रोक के लिए टीमें गठित कर दी हैं। 

जेल से भी कुछ अपराधी चलाएंगे अपनी बुक
सूत्रों के अनुसार कुछ अपराधी जेल से भी अपनी बुक को चलाएंगे। जेल में फोन का उपयोग कोई नई बात नहीं है। ऐसे में जेल में बैठे बुकी अपनी बुक के चलाने के लिए पूरी तैयारियां कर चुके हैं। उन्होंने महानगर में बैठे अपने पंटरों को बुक को चलाने के लिए पूरी हिदायतें दे दी हैं। बता दें कि इनमें से बुक को चलाने वाले कुछ अपराधी एक -दूसरे बुकी पर महले को लेकर जेल की हवा खा रहे हैं। महानगर में बुक में बर्चस्व बनाने की लड़ाई जारी है। ऐसे में इस बात से भी इन्कार नहीं किया जा सकता कि 23 मार्च से शुरु होने वाली आई.पी.एल. की बुक को लेकर शहर में गैंगवार भी हो सकती है।

Vatika