सेवा केन्द्र का सर्वर डाउन, परेशान लोगों ने की नारेबाजी

punjabkesari.in Friday, Oct 12, 2018 - 09:33 PM (IST)

जालंधर(अमित): जिला प्रशासनिक परिसर के अंदर सब-रजिस्ट्रार दफ्तर के सामने पुराने सुविधा सैंटर वाली बिल्डिंग में स्थित टाइप-1 सेवा केन्द्र के अंदर लगातार दूसरे दिन आम जनता और सेवा केन्द्र स्टाफ एक बार फिर से आमने-सामने हुए। लोगों ने सरकार और निजी कंपनी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और अपनी भड़ास निकाली। सेवा केन्द्र के अंदर जमा लोगों ने प्रदेश सरकार और निजी कंपनी के खिलाफ खूब नारेबाजी कर अपना रोष प्रकट किया। दूर-दराज इलाकों से आए लोगों ने निजी कंपनी के स्टाफ पर सरेआम भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को कामकाज बाधित होने के पीछे चाहे जो भी कारण रहा हो, मगर शुक्रवार को इसमें कंपनी का कोई कसूर नहीं था। पूरे पंजाब में सेवा केन्द्रों के अंदर काम नहीं हो सका। क्योंकि साईट में आई खराबी के कारण कामकाज पूर्ण रूप से ठप्प रहा। बीच-बीच में काफी धीमी गति से कामकाज चलता भी रहा। मगर आम दिनों की अपेक्षाकृत काफी कम काम हो पाया।

Vaneet