शान-ए-पंजाब एक्सप्रैस के AC हुए फेल, यात्रियों ने 3 बार चेन खींच कर ट्रेन रोकी

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2019 - 10:43 AM (IST)

जालंधर (गुलशन): अमृतसर से चलकर नई दिल्ली जाने वाली शान-ए-पंजाब एक्सप्रैस 12498 के रविवार को 3 कोचों के ए.सी. फेल हो गए जिस कारण यात्री भड़क उठे और अमृतसर स्टेशन के आऊटर पर 3 बार चेन खींच कर ट्रेन रोक दी। इस दौरान यात्री ट्रेन से उतर गए और हंगामा शुरू कर दिया। करीब पौने घंटे उपरांत ए.सी. चालू होने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।|

जानकारी के मुताबिक ट्रेन जब अमृतसर से चलने लगी तो 3 ए.सी. कोचों में ए.सी. नहीं चल रहे थे। यात्रियों ने बताया कि गर्मी की वजह से उनका बुरा हाल हो गया। बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ए.सी. कोच चारों ओर से बंद होने की वजह से उनका सांस लेना भी मुश्किल हो गया। कई यात्रियों ने दम घुटने की शिकायत की तो अन्य यात्री भी भड़क उठे। यात्रियों ने एकजुट होकर चेन खींच कर ट्रेन रोक दी। यात्री इस बात पर अड़े रहे कि ए.सी. चालू होने के बाद ही ट्रेन को रवाना होने दिया जाएगा। सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारियों के अलावा जी.आर.पी. और आर.पी.एफ. कर्मी मौके पर पहुंचे और संबंधित विभाग के कर्मचारियों को तुरंत ए.सी. चालू करने के लिए कहा। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बंद हुए ए.सी. चालू किए। ए.सी. चालू होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान ट्रेन करीब पौने घंटे तक वहां खड़ी रही।

उल्लेखनीय है कि शान-ए-पंजाब एक्सप्रैस ट्रेन का जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का टाइम शाम 4.15 बजे है लेकिन इसी वजह से ट्रेन करीब 1 घंटा देरी से यानी 5.15 बजे सिटी स्टेशन पहुंची। वहीं दूसरी तरफ कुछ यात्रियों ने इस संबंध में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई और कुछ यात्रियों ने रेल मंत्री को भी ट्वीट किया।

Vatika