स्मार्ट सिटी स्टडी टूर पर आज दक्षिण कोरिया जाएंगे 3 अफसर

punjabkesari.in Saturday, Sep 15, 2018 - 11:09 AM (IST)

जालंधर(खुराना): स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के नाम पर चाहे पंजाब के किसी शहर में कोई काम शुरू नहीं हुआ है परंतु फिर भी इस प्रोजैक्ट से जुड़े अधिकारी फाइल वर्क बैठकों तथा विदेशी दौरों का काम बाखूबी निभा रहे हैं। 

स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आने वाले प्रोजैक्टों के टिप्स लेने राज्य के 3 बड़े अफसरों पर आधारित एक टीम कल 15 सितम्बर को दक्षिण कोरिया रवाना हो रही है जहां 5 दिन रह कर यह टीम स्मार्ट सिटी बारे विभिन्न आंकड़े जुटाएगी और वहां के शहरों का अध्ययन करेगी। इस टीम में स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट हैड वी.पी. सिंह, लुधियाना स्मार्ट सिटी के सी.ई.ओ. संयम अग्रवाल तथा जालंधर स्मार्ट सिटी के सी.ई.ओ. विशेष सांगरल शामिल हैं।

स्वीपिंग मशीन को स्मार्ट सिटी में डाला 
चंडीगढ़ बैठे अधिकारियों ने जालंधर स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट में से चौराहों और पार्कों की डिवैल्पमैंट व सौंदर्यीकरण का काम न करवाने का फैसला लिया है। इसके स्थान पर स्वीपिंग मशीन प्रोजैक्ट को स्मार्ट सिटी में शामिल किया जा रहा है। प्रोजैक्ट के तहत निगम अपनी स्वीपिंग मशीन खरीदेगा और शहर की सफाई करवाएगा। जालंधर स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत जो कंट्रोल एंड कमांड सैंटर बनाया जा रहा है उसकी बिल्डिंग बनाने हेतु टैंडर अगले एक-दो दिनों में लगा दिए जाने की सम्भावना है। 

Vatika