बुजुर्ग मां से मारपीट करने वाले काजी मंडी निवासी 2 सगे भाई गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Feb 01, 2018 - 08:12 AM (IST)

जालंधर (महेश): काजी मंडी में बुजुर्ग मां से मारपीट कर घर से ताले तोड़ सामान चोरी करने वाली 2 सगे भाइयों को आज थाना रामा मंडी की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बलविन्द्र व अशोक राजू नामक उक्त दोनों भाइयों को पुलिस ने आज माननीय जज एम. मरवाहा की अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है ताकि चोरी किए सामान की रिकवरी की जा सके।
एस.एच.ओ. रामा मंडी राजेश ठाकुर ने बताया कि काजी मंडी निवासी बुजुर्ग महिला विद्या देवी पत्नी स्व. लक्ष्मण बोधी ने अपनी बेटी को साथ लेकर पुलिस कमिश्नर जालंधर पी.के. सिन्हा को अपने दोनों बेटों के खिलाफ शिकायत दी थी, जिसके बाद थाना रामा मंडी की पुलिस ने मामले की गहराई से जांच कर बलविन्द्र व अशोक और उनकी पत्नियों के खिलाफ करीब एक सप्ताह पहले 420, 380, 506, 34 आई.पी.सी. के तहत केस दर्ज कर लिया।
सभी आरोपी फरार चल रहे थे। आज ए.एस.आई. जितेन्द्रबीर सिंह व हैड-कांस्टेबल जर्मनजीत सिंह ने उन दोनों भाइयों को काबू कर लिया। मां ने अपने बेटों व बहुओं पर घर पर कब्जा करने और घरेलू सामान चोरी करने का भी आरोप लगाया था। बुजुर्ग महिला ने पहले अपने बेटों की शिकायत पुलिस को नहीं दी थी लेकिन जब वह धमकियों पर उतर आए तो उसे मजबूर होकर पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचना पड़ा।