2004 से दुष्कर्म कर रहा था सौतेला बाप, केस दर्ज होने के बावजूद पुलिस नहीं कर रही गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2020 - 09:26 AM (IST)

जालंधर(वरुण/ कमलेश): करीब 15 सालों से दुष्कर्म कर रहे सौतेले बाप पर केस दर्ज होने के बाद भी कपूरथला पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है। पीड़िता का कहना कि पिता की मौत के बाद उसकी मां ने पहले से ही एक जानकार सुक्खा पुत्र लाल सिंह निवासी कपूरथला से दूसरा विवाह कर लिया। आरोप है कि अप्रैल 2004 को बैसाखी वाले दिन उसकी मां उसके 2 छोटे भाइयों को साथ लेकर घर से बाहर चली गई, जबकि कुछ ही समय बाद घर आए सौतेले पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने मां को सारी बात बताई, लेकिन मां ने उसकी एक नहीं सुनी।

इसके बाद पीड़िता ने 2005 में शादी कर ली, लेकिन दिसम्बर 2005 में उसके सौतेले पिता ने ससुराल घर जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बदनामी के डर से उसने किसी को कुछ नहीं बताया। 2012 में पीड़िता के पति की मौत हो गई। उसका एक बेटा भी था, जबकि 2013 को महिला ने दोबारा शादी की, लेकिन सौतेले बाप ने पहले जून 2017 व फिर अगले ही दिन दोबारा उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि यह बात उसने अपने ससुरालियों को बता दी। ससुरालवालों ने बदनामी के डर से उसकी आवाज दबा दी और सौतेले बाप को समझा कर मामला खत्म कर दिया। आरोप है कि जुलाई 2019 को जब वह रिश्तेदारी में मौत होने के कारण मायके गई थी तो उसके सौतेले पिता ने उसके साथ फिर से जबरदस्ती की, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जबकि उसकी मां ने सुक्खा को भगा दिया। 

पीड़िता ने फिर थाना सिटी कपूरथला की पुलिस को शिकायत दी। मामले की जांच के पाद पुलिस ने सुक्खा के खिलाफ दुष्कर्म करने का केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता का कहना है कि 19 फरवरी को उसके सौतेले पिता पर केस दर्ज हुआ था, लेकिन वह अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ है। महिला ने कपूरथला पुलिस के अधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगाई है।

Edited By

Sunita sarangal