कंपनी मालिक से दुखी होकर युवक ने लगाया मौत को गले

punjabkesari.in Saturday, Jul 21, 2018 - 02:17 PM (IST)

जालंधर,(महेश): अरमान नगर (रामा मंडी) में 3 साल के बेटी और पत्नी के साथ किराए के मकान में रहते गेट्स कंपनी के सीनियर ब्रांच मैनेजर रोहित कुमार (37) पुत्र विजय कुमार ने डेढ़ माह से कंपनी द्वारा वेतन न दिए जाने से तंग आकर आत्महत्या कर ली। इससे एक घंटा पहले उसने आज सुबह ही अपने मायके जालंधर कैंट गई पत्नी प्रियंका से भी फोन पर बात की थी और कहा था कि यह उससे उसकी अंतिम बात हो रही है जिसके बाद वह अपनी जीवनलीला समाप्त कर लेगा। ऐसा रोहित ने कहा ही नहीं, बल्कि कर भी लिया। रोहित की बात सुनने के बाद तुरंत घर पहुंची पत्नी प्रियंका, साली नैंसी और साले मोहित ने देखा कि रोहित ने कमरे को अंदर से बंद किया हुआ था। खिड़की से देखा तो उसका शव पंखे से लटक रहा था। 

सुसाइड नोट में कम्पनी के अधिकारी को ठहराया मौत का जिम्मेदार  
रोहित कुमार ने अपने सुसाइड नोट में अपनी मौत का जिम्मेदार कम्पनी के अधिकारी नलिन तायल को ठहराया है। उसने लिखा है कि वह डेढ़ माह से कम्पनी में काम कर रहा था। उसकी सैलरी 35 हजार के करीब लगाई गई थी जोकि उसे नहीं दी जा रही थी। वह आॢथक तौर पर काफी तंग हो गया था व मौत के अलावा उसके पास कोई और हल नहीं था। उसकी मौत से उसकी पत्नी प्रियंका व ससुराल परिवार का कोई लेना-देना नहीं है। नलिन जैसे धोखेबाज लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो उसके जैसे कई पढ़े-लिखे युवक मौत के मुंह में चले जाएंगे।  

एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते थे पति-पत्नी 
रोहित व उसकी पत्नी प्रियंका में पिछले कुछ समय से घर का आॢथक हालत सही न होने के कारण मामूली-सा झगड़ा जरूर हो जाता था लेकिन दोनों में प्यार इतना ज्यादा था कि वे एक-दूसरे के बिना रह नहीं सकते थे। अगर रोहित को घर आने में देरी हो जाती थी तो प्रियंका की बेचैनी बढ़ जाती थी और अगर प्रियंका मायके जाकर कुछ समय ज्यादा लगा देती थी तो रोहित उसे तुरंत लेने के लिए वहां पहुंच जाता था।

मम्मी को तंग मत करना स्वीट कुक्कू
मृतक रोहित ने अपने सुसाइड नोट में अपनी स्वीट नन्हीं बेटी रूहानिका (कुक्कू) के नाम लिखे एक संदेश में कहा है कि कुक्कू मेरी स्वीट जान, तुम्हारे पापा अच्छे पापा नहीं बन पाए। अब पापा तुम्हें छोड़ कर जा रहे हैं, उन्हें माफ कर देना। अपनी मम्मी को कभी तंग मत करना, उसका पूरा कहना मानना।  

नलिन के खिलाफ केस दर्ज  
मामले की जांच कर रहे नंगल शामा पुलिस चौकी (थाना रामा मंडी) के प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक रोहित के सुसाइड नोट में आरोपी ठहराए गए गेट्स कम्पनी के अधिकारी नलिन तायल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। एस.आई. रविन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने अपनी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद मृतक रोहित के शव को सिविल अस्पताल भेज दिया है। वीरवार को सुबह पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। 

मृतक के पिता का अमृतसर में है कारोबार
मृतक रोहित के पिता विजय कुमार का अमृतसर में कारोबार है। रोहित का जन्म अमृतसर में ही हुआ व करीब 5 साल पहले उसकी शादी प्रियंका से हुई थी, जिसके कुछ देर बाद वह जालंधर आकर रहने लगा। पहले वह मोहन विहार लधेवाली में रहता था। 5-6 माह से वह अरमान नगर में किराए का मकान लेकर रहा था। 

रोहित की मौत की सूचना मिलते ही भाई-बहन व पापा पहुंचे जालंधर 
रोहित द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही उसके पापा विजय कुमार, बहन रीति व भाई राहुल भी अमृतसर से जालंधर पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में उन्होंने भी रोहित के सुसाइड नोट को पढ़ा। पुलिस को दिए बयानों में उन्होंने किसी भी तरह का कोई और शक जाहिर नहीं किया। शव देखकर बहन रीति का रो-रो बूरा हाल हो गया। पिता और भाई भी हैरान रह गए। 

swetha