3 साल की बेटी को बाहर कर पिता ने खुद को किया कमरे में बंद, लगाया फंदा

punjabkesari.in Saturday, Mar 23, 2019 - 09:40 AM (IST)

जालंधर(मृदुल): तेज मोहन नगर में एक 40 साल व्यक्ति ने फंदा लगा जान दे दी। ए.एस.आई. गुलशन कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान दीप सैन सिंह पुत्र गंगा प्रसाद सिंह के रूप में हुई है।  पुलिस जांच में कारण सामने आया है कि मृतक कई सालों से किसी बीमारी से ग्रस्त था। मृतक की पत्नी अनीता के मुताबिक पति लेबर का काम करता था। नौकरी जाने के बाद घर का खर्च वह लोगों के घरों में बर्तन व साफ-सफाई का काम करके चलाती थी। शुक्रवार की सुबह को वह रोज की तरह काम पर गई हुई थी और उसका पति घर पर ही बेटी के साथ था। दोपहर करीब 12 बजे उन्हें पड़ोसियों का फोन आया कि उसकी बेटी घर के बाहर रो रही है।

उसके पति ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। इस पर वह घर वापस आई और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो देखा कि पति ने छत पर बने गार्डर से फंदा लगा रखा है। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया तो थाना 5 से ए.एस.आई. गुलशन कुमार ने आकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। सी.आर.पी.सी. की धारा-174 की कार्रवाई के तहत बयान दर्ज कर लिए गए हैं। 

3 साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया 
वहीं, पत्नी अनीता ने जब अपनी आंखों के सामने पति के शव को देखा तो बिलखते हुए कहने लगी कि उसकी 3 साल की बेटी के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। अब बेटी को किस तरह से पालेगी।

swetha