कांग्रेस के राज में स्वच्छ भारत अभियान की उड़ रही धज्जियां

punjabkesari.in Wednesday, Aug 22, 2018 - 10:30 AM (IST)

जालंधर (गुलशन): मोदी सरकार का स्वच्छ भारत का सपना कांग्रेस राज में ठुस्स होता नजर आ रहा है। स्वच्छता अभियान को लेकर नगर निगम द्वारा किए जा रहे दावे झूठे साबित हो रहे हैं। शहर के अंदरूनी बाजारों से लेकर मेन चौक कूड़े के डम्प बने हुए हैं जोकि शहरवासियों को मुंह चिढ़ा रहे हैं। बरसात के दिनों में यह कूड़ा सड़कों पर बिखरने से हालात और भी बदतर हो जाते हैं तथा बीमारियां फैलने का अंदेशा बना रहता है।

पंजाब में पिछले करीब डेढ़ साल से कांग्रेस का राज है। नगर निगम पर भी कांग्रेस का ही कब्जा है बावजूद इसके शहर की बुरी हालत हुई पड़ी है। पिछली अकाली-भाजपा सरकार के दौरान स्व‘छ भारत अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन लगाए गए थे ताकि कूड़ा सड़कों पर न बिखरे, परंतु कांग्रेस का राज आते ही शहर में लगे डस्टबिन गायब होने लगे हैं। कई जगहों पर डस्टबिन नहीं बल्कि केवल एंगल नजर आ रहे हैं जिनमें डस्टबिन टांगे जाते हैं। 

ऐसा ही एक वाकया भाजपा नेता राकेश गोयल ने डिफैंस कालोनी में दिखाया जहां पर पुराने पंजाब नैशनल बैंक वाली बिल्डिंग जोकि अब बंद पड़ी है वहां पर डस्टबिन लावारिस हालत में पड़े हैं जिनका कोई वालीवारिस नहीं है। सरकारी सम्पत्ति का नुक्सान हो रहा है लेकिन नगर निगम का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। इसी वजह से शहर के दर्जनों इलाकों में गंदगी का आलम है। राकेश गोयल ने कहा कि शहर के लोग अब अकाली-भाजपा सरकार को याद कर रहे हैं क्योंकि जब से कांग्रेस सत्ता में आई है तब से विकास कार्य पूरी तरह से ठप्प पड़े हुए हैं। लोगों का कहना है कि कांग्रेस पंजाब की जनता के साथ झूठे वादे करके सत्ता में आई है। सत्ता में आने के बाद कैप्टन सरकार ने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया अब आगामी लोकसभा चुनावों में पंजाब की जनता कांग्रेस को इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। 

Vatika