युवा अभ्युदय मिशन द्वारा ‘द अवेकनिंग टॉक्स’ कार्यक्रम 30 मार्च को

punjabkesari.in Tuesday, Mar 19, 2019 - 08:46 AM (IST)

जालंधर(धवन): युवा अभ्युदय मिशन द्वारा द अवेकनिंग टॉक्स कार्यक्रम का आयोजन 30 मार्च को सुबह 11.15 बजे दोआबा कालेज जालंधर के ऑडीटोरियम में किया जा रहा है, जिसमें श्री गुरु पवन जी लोगों से रूबरू होंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नौजवानों में आत्मविश्वास, संकल्प शक्ति, ज्ञान, कौशल, तर्क, संस्कार, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना का विकास करना है जिससे वे न केवल अपने लिए बल्कि समाज के लिए भी उपयोगी हो सकें। युवा अभ्युदय मिशन के इस कार्यक्रम को लेकर आज यहां निमंत्रण कार्ड को पद्मश्री विजय चोपड़ा ने रिलीज किया।

इस अवसर पर पं. दीन दयाल उपाध्याय स्मृति मंच पंजाब के प्रधान किशन लाल शर्मा, पावन चिंतन धारा आश्रम जालंधर की को-आर्डीनेटर अनुराधा वधावन, सी.ए. श्री जे.सी. अरोड़ा, नवीन सरना, राजेन्द्र शर्मा, नीरज त्रेहन और मदन लाल व अन्य भी मौजूद थे। कार्यक्रम में श्री गुरु पवन जी युवाओं को देश के विकास तथा शिक्षा के प्रचार व प्रसार से जोड़ेंगे। युवाओं में चिंतन क्रांति का प्रादुर्भाव किया जाएगा। यह कार्यक्रम लगभग 3 घंटे तक चलेगा। श्री गुरु पवन जी विद्यार्थियों के साथ उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा करके समाधान देंगे। 

किशन लाल शर्मा ने युवाओं को आह्वान किया कि वह इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर भाग लें तथा श्री गुरु पवन के विचारों को सुनें। कोआर्डीनेटर अनुराधा वधावन ने कहा कि गुरु जी का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को जीने की सही कला बताना है। सी.ए. जे.सी. अरोड़ा ने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी इसमें भाग लेना चाहते हैं, वह अपना नि:शुल्क पंजीकरण पहले ही करवा लें।

Anjna