अंडरब्रिज की दीवारों पर हुए सुराखों का मामला पी.डब्ल्यू.डी. के पास जाएगा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 20, 2019 - 08:08 AM (IST)

जालंधर (खुराना): नगर निगम कमिश्रर दीपर्व लाकड़ा के निर्देशों पर निगम के एस.ई. अश्विनी चौधरी ने आज एक्सियन जोगिन्द्र सिंह तथा जे.ई. तरनप्रीत सिंह के साथ चंदन नगर अंडरब्रिज का दौरा किया जहां पिछले दिनों कांग्रेसी पार्षद विक्की कालिया द्वारा रिटेनिंग वाल पर अवैध रूप से सुराख निकाल दिए गए थे। 

चाहे बाद में विक्की कालिया ने उन सुराखों पर पाइपें लगवा दीं परन्तु पूर्व विधायक के.डी. भंडारी के नेतृत्व में क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने निगम कमिश्रर को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि सुराख निकाले जाने से जहां अंडरब्रिज का स्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हुआ है और आने वाले समय में कुछ भी घटित हो सकता है, वहीं भाजपा नेताओं का आरोप था कि बाहरी गलियों का बरसाती पानी अंडरब्रिज के अंडरग्राऊंड वाटर टैंकों में डाले जाने से भविष्य में समस्या आएगी। भाजपा नेताओं ने चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद एक पार्षद द्वारा करवाए गए काम पर भी आपत्ति व्यक्त की थी।

दूसरी ओर निगम के एस.ई. अश्विनी चौधरी ने बताया कि उन्होंने पूरा मौका देखा है और वह अपनी रिपोर्ट कमिश्रर को सौंपेेंगे। श्री चौधरी ने बताया कि इस अंडरब्रिज का डिजाइन व स्ट्रक्चर पी.डब्ल्यू.डी. द्वारा तैयार किया गया था और नगर निगम अब अंडरब्रिज की देखभाल कर रहा है।  इस बीच पता चला है कि नगर निगम इस मामले को पी.डब्ल्यू.डी. के हवाले करने जा रहा है ताकि उसके अधिकारी यह जांच कर सकें कि रिटेङ्क्षनग वाल में हुए सुराखों से स्ट्रक्चर को कोई नुक्सान पहुंचा है या नहीं।

पार्षद को ऐसा करने का हक है या नहीं?
नगर निगम के एस.ई. अश्विनी चौधरी ने चाहे अंडरब्रिज की जांच बारे कुछ कहने से इंकार कर दिया परन्तु इतना अवश्य है कि नगर निगम अधिकारी इतनी जांच जरूर करेंगे कि एक पार्षद अपने स्तर पर ऐसा काम करवा सकता है या नहीं। निगमाधिकारियों की राय है कि अगर पार्षद को बरसाती पानी या अन्य बारे कोई समस्या आ रही थी तो वह संबंधित सरकारी विभाग से सम्पर्क करके समस्या का हल निकालते न कि अपने स्तर पर दीवारों में सुराख करके पानी का इंतजाम करते। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मामला और गर्मा सकता है। 

Anjna