फ्रॉडी कपिल को गिरफ्तार करने मुंबई रवाना हुई जालंधर पुलिस

punjabkesari.in Friday, Jul 12, 2019 - 08:33 AM (IST)

जालंधर(वरुण): जालंधर के महा ठग ट्रैवल एजैंट कपिल शर्मा को गिरफ्तार करने के लिए जालंधर पुलिस मुंबई के लिए रवाना हो गई है। थाना नई बारादरी के प्रभारी बिक्रमजीत सिंह ने इस बात की पुष्टि की है। पुलिस को इनपुट मिले थे कि कपिल शर्मा व उसकी पत्नी मुंबई में छुपे हुए हैं।

एस.एच.ओ. बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि कपिल शर्मा व फरार अन्य आरोपी मुंबई से गिरफ्तार हो जाएंगे। इसके लिए मुंबई पुलिस की भी मदद ली जा रही है। पुलिस की नजर कपिल शर्मा व उसकी पत्नी के बैंक खातों पर भी है कि कहां-कहां से बैंक खाते आपरेट हो रहे हैं। यह भी बात सामने आई थी कि कपिल शर्मा ने अन्य लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवा रखे हैं, जबकि आपरेट खुद कर रहा है। स्टडी एक्सपै्रस के बैनर के नीचे लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर 4 करोड़ के करीब लोगों के पैसे लेकर फरार हुए कपिल शर्मा, उसकी पत्नी, मांं व स्टाफ काफी लंबे समय से फरार हैं। अभी तक सिर्फ कपिल शर्मा का ड्राइवर ही काबू में आया है जिसकी निशानदेही पर 18 पासपोर्ट बरामद हो चुके हैं। 

कनाडा भेजने का झांसा देकर 12 लाख ठगे
जालंधर में एक और बंटी-बबली की जोड़ी सामने आई है। इस जोड़ी ने बी.एस.एफ. चौक स्थित एक दफ्तर में जाकर पहले तो खुद की मार्केटिंग की और बाद में कनाडा भेजने के नाम पर लिए 12 लाख रुपए लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी मनप्रीत सिंह निवासी भगतपुरा मोहल्ला फगवाड़ा और उसकी महिला साथी अमृतपाल कौर निवासी फ्रैंड्स कालोनी फगवाड़ा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना नई बारादरी के प्रभारी बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि लाडोवाली रोड निवासी राममूर्ति ने उन्हें शिकायत दी कि कुछ समय पहले मनप्रीत सिंह व अमृतपाल कौर उनके दफ्तर में आए थे। राममूर्ति ने कहा कि उनके साले लवकेश ने कनाडा जाना था जिसके लिए दोनों से उसके बारे में बात की। आरोपियों ने उन्हें झांसे में लेकर 12 लाख रुपए ले लिए और दस्तावेज भी दे दिए। काफी समय बाद भी काम नहीं बना तो वह फगवाड़ा उनके दफ्तर गए लेकिन वहां उस नाम का कोई दफ्तर ही नहीं था। थाना नई बारादरी की पुलिस ने जांच के बाद मनप्रीत सिंह व अमृतपाल कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 

Vatika