तस्वीरेंः निगम ने की बड़ी कार्रवाई, रातों-रात हटाया टिक्की वाला चौक

punjabkesari.in Sunday, Nov 17, 2019 - 11:33 AM (IST)

जालंधर(खुराना): नगर निगम ने सुबह-सुबह ज्वाइंट कमिश्नर हरचरण सिंह व सूपरिटैंडेंट मंदीप सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए रैनक बाजार के मशहूर टिक्की वाला चौक को पूरी तरह तोड़ दिया। यहां पर कई लोगों की रोजी-रोटी चल रही थी, लेकिन निगम ने उनके धंधे को तबाह कर दिया।

सूचना मिलते ही लोग वहां पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि निगम के कई ट्रक तोड़-फोड़ करने के साथ मलबा भी उठा रहे थे। लोगों ने उस समय भी निगम का विरोध किया लेकिन पुलिस बल के आगे वह कुछ न कर सके।

जानकारी के अनुसार ये कार्रवाई सुबह तीन बजे शुरू हुई और कई घंटे चली। दुकानदारों का कहना है कि इस कार्रवाई को बिल्कुल गुप्त रखा गया। उन्हें इसकी न तो कोई सूचना थी और न ही कोई चेतावनी दी गई।

दुकानदारों ने निगम के प्रति रोष व्यक्त करते कहा कि अगर निगम ने उनकी दुकानों को दोबारा न बनाया तो वे धरने पर बैठेंगे। रैनक बाजार, शेखा बाजार और आस-पास के बाजारों में खरीददारी करने वाले लोगों के लिए यह एक मुख्य स्थान था।  



इस अवसर पर जालंधर पुलिस के डी.एस.पी., एस.एच.ओ. तथा 100 पुलिस जवान भी मौजूद थे। एस.एच.ओ. कमलजीत सिंह का कहना है कि निगम कई बार इन दुकानदारों को चेतावनी दे चुका था, पर इस क्षेत्र में कब्जे बढ़ते ही जा रहे थे। इसलिए मजबूर होकर निगम को ये कार्रवाई करनी पड़ी। 

 

Edited By

Sunita sarangal