पी.ए.पी. फ्लाईओवर के नीचे बने अवैध ऑटो स्टैंड और रेहड़ी वालों को दी चेतावनी

punjabkesari.in Thursday, Nov 21, 2019 - 11:07 AM (IST)

जालंधर(वरुण): पी.ए.पी. फ्लाईओवर के नीचे बने अवैध ऑटो स्टैंड व रेहड़ी वालों को ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है। ट्रैफिक पुलिस के ए.डी.सी.पी. गगनेश कुमार ने उन्हें 2 दिनों के भीतर कब्जे छोड़ने को कहा है। गगनेश कुमार ने कहा कि काफी दिनों से उन्हें शिकायत मिल रही थी कि रेहड़ियों व ऑटो वालों के कारण ज्यादा भीड़ रहती है। ऑटो वालों ने अवैध स्टैंड बनाया हुआ है जहां पर दर्जन से भी अधिक ऑटो एक समय में खड़े रहते हैं जबकि रेहड़ी वालों ने भी कब्जे किए हुए हैं।

ए.डी.सी.पी. बुधवार को अपनी टीम के साथ पी.ए.पी. चौक पहुंचे तो देखा कि रेहड़ी व ऑटो वालों के अलावा फ्लाईओवर के नीचे अवैध तरीके से ढाबे तक खुल चुके हैं। उन्होंने कब्जे करने वालों को इकट्ठा करके 2 दिनों के अंदर कब्जे छोड़ने को कहा है। 2 दिनों के बाद वह दोबारा मौके पर जांच करने के लिए जाएंगे। अगर फिर वैसा ही हाल रहा तो सारा सामान व आटो जब्त किए जाएंगे।

Edited By

Sunita sarangal