जम्मू से चूरा-पोस्त ला रही महिला तस्कर साथी युवक सहित काबू

punjabkesari.in Monday, Jul 16, 2018 - 10:23 AM (IST)

जालंधर(कमलेश): जालंधर देहात पुलिस ने एक महिला और पुरुष को 5 किं्वटल 60 किलो चूरा-पोस्त और इंडिगो कार सहित काबू किया है। आरोपियों की पहचान सुखबीर कौर (45) पत्नी स्व. गुरमीत सिंह वासी अर्जुनवाल आदमपुर और बलजीत सिंह (36) पुत्र अमरीक सिंह वासी गांव हरीपुर (आदमपुर) केरूप में हुई है। 

एस.एस.पी. नवजोत माहल ने प्रैस वार्ता के दौरान बताया कि देहात पुलिस को जानकारी मिली थी कि जम्मू से चूरा-पोस्त की सप्लाई लेकर तस्कर एक गाड़ी में आ रहे हैं। इस पर डी.एस.पी. दिग्विजय सिंह ने थाना मकसूदां के एस.एच.ओ. रमनदीप सिंह और पुलिस पार्टी को संग ले बस अड्डा कबूलपुर पर नाका लगाया था। इस दौरान जब शक के आधार पर डी.एस.पी. दिग्विजय सिंह ने इंडिगो गाड़ी (नं. पी.बी-08 एके-6170) की तलाशी ली तो उसमें से चूरा-पोस्त की 2 बोरियां बरामद हुईं। 

मौके पर ही जब पुलिस ने गाड़ी में बैठी सुखबीर कौर और बलजीत सिंह से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि आदमपुर की सुखा कालोनी के एक  एन.आर.आई. के घर में चूरा-पोस्त की और खेप भी रखी है। आरोपियों की निशानदेही पर जब पुलिस ने उक्त पते पर तलाशी ली तो उन्हें चूरापोस्त की 26 बोरियां और बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Vatika