प्रदेश में यूथ कांग्रेस संगठनात्मक चुनावों का निकला जनाजा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 12, 2018 - 11:07 AM (IST)

जालंधर(रविंदर): प्रदेश में यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों का पूरी तरह से जनाजा निकल चुका है। इसे चाहे हाईकमान की नालायकी कहें या फिर यूथ कांग्रेस के प्रति युवाओं का कम होता क्रेज। कार्यकाल पूरा होने के बाद भी अभी दूर-दूर तक नए संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया नजर नहीं आ रही है।

ऐसे में प्रदेश यूथ कांग्रेस प्रधान अमरप्रीत सिंह लाली व उनकी टीम और सभी जिला प्रधानों का कार्यकाल खत्म हो चुका है मगर नया प्रदेश यूथ प्रधान कब मिलेगा, इसका किसी को भी पता नहीं है। तकरीबन 10 साल पहले प्रदेश में यूथ कांग्रेस को मजबूत करने के लिए राहुल गांधी ने पायलट प्रोजैक्ट शुरू किया था। इसके तहत जिला यूथ कांग्रेस प्रधान व प्रदेश यूथ कांग्रेस प्रधान को नोमिनेट करने की बजाय चुनाव के जरिए जीत कर आना पड़ता था। अब पार्टी हाईकमान का यह पायलट प्रोजैक्ट ठुस्स होकर रह गया है। 2015 में आखिर संगठनात्मक चुनाव हुए थे जिसमें शहर की बात करें तो जालंधर नार्थ से अजय लक्की, जालंधर सैंट्रल से परमजीत सिंह बल, जालंधर वैस्ट से राजेश अग्निहोत्री व जालंधर कैंट से अंगद दत्ता को प्रधान चुना गया था।

सभी 9 विधानसभा हलकों के प्रधानों ने आगे लोकसभा यूथ कांग्रेस प्रधान के लिए वोटिंग की थी और अश्वन भल्ला को इस पद के लिए चुना गया था। सभी लोकसभा प्रधानों ने आगे वोटिंग कर प्रदेश यूथ कांग्रेस प्रधान के नाम पर मोहर लगाई थी। अगस्त, 2018 में प्रदेश यूथ कांग्रेस प्रधान समेत सभी लोकसभा प्रधानों व जिला प्रधानों का 3 साल का कार्यकाल खत्म हो चुका है मगर आगे अब कहीं भी यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों की दस्तक सुनाई नहीं दे रही है। 

Vatika