दहेज के लिए विवाहिता को परेशान करने पर मां-बेटे पर मामला दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Feb 14, 2019 - 12:10 PM (IST)

कपूरथला (भूषण): एक विवाहित महिला को दहेज के लिए परेशान करने तथा अपने साथ इंगलैंड न लेकर जाने के आरोप में थाना फत्तूढींगा की पुलिस ने इंगलैड निवासी मां-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी अनुसार गांव सैफलाबाद निवासी एक विवाहिता ने एस.एस.पी. कपूरथला सतिंद्र सिंह को बताया कि उसकी शादी 6 नवम्बर, 2017 को इंगलैड निवासी प्रदीप सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी गांव चंबल जिला तरनतारन के साथ हुई थी। उसकी शादी में उसके माता-पिता ने काफी खर्च किया था। उसके माता-पिता ने जहां पैलेस में 8 लाख रुपए का खर्च किया था, वहीं गहनों, कपड़ों तथा शगुन में कुल 20 लाख रुपए का खर्च किया था।

शादी के कुछ दिनों बाद ही उसकी सास सुखविंदर कौर व उसके पति प्रदीप सिंह ने कम दहेज का ताना मारना शुरू कर दिया तथा धमकियां दीं जिस दौरान वह अपना घर बसाने की खातिर चुप रही। इस दौरान उसका पति तथा सास इंगलैड चले गए तथा उसको मायके गांव सैफलाबाद छोड़ गए। वह जब अपने पति को फोन करती तो वह उसे टाल देता था जिस दौरान उसके पति ने उससे एक साल से बात करनी बंद कर दी। उसे पता चला कि उसकी सास भारत आई हुई है। जब वह 26 अक्तूबर, 2018 को अपनी मां तथा दादा-दादी के साथ उसे मिलने गई तो उसने बेइज्जती की तथा इंगलैड न ले जाने की बात कही। जिस पर तंग आकर एस.एस.पी. से न्याय की गुहार लगानी पड़ी।

उन्होंने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए डी.एस.पी. सुल्तानपुर लोधी को जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान आरोपी पति प्रदीप सिंह तथा सास सुखविंद्र कौर पर लगे सभी आरोप सही पाए गए। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

Anjna