मैक्सिको के रास्ते अमरीका भेजने के नाम पर ठगे 46.30 लाख

punjabkesari.in Sunday, Feb 17, 2019 - 08:25 AM (IST)

कपूरथला(भूषण): मैक्सिको के रास्ते अमरीका भेजने के नाम पर भारतीय सेना के एक रिटायर्ड नायक से 46.30 लाख रुपए ठगने के मामले में थाना सुभानपुर की पुलिस ने एक महिला सहित 5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को छापेमारी के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी अनुसार सुखदेव सिंह पुत्र ठाकुर सिंह निवासी गांव दयालपुर ने एस.एस.पी. सतिंद्र सिंह को बताया कि वह भारतीय सेना का रिटायर्ड नायक है, उसका लड़का तरलोक सिंह अमरीका जाना चाहता था जिसके लिए उसने अपने किसी जानकार की मार्फत एक ट्रैवल एजैंट जस्स पुत्र स्टीफन काला निवासी रायपुर अराइयां थाना ढिलवां से बातचीत की।

इस दौरान जस्स ने 25 लाख रुपए की मांग की तथा कहा कि वह उसे मैक्सिको से अमरीका की दीवार पार करवा देगा, जिसके बाद उसकी कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। उसने जस्स को 2 किस्तों में पैसे देने की मांग की जिसके तहत उसने पहली किस्त में 12 लाख रुपए अपने लड़के के पनामा पहुंचने पर दिए तथा बाकी 13 लाख रुपए उसके लड़के द्वारा मैक्सिको की दीवार पार करने के समय जुलाई, 2018 को दिए। उसके बाद उसका लड़का अमरीका के कैंप में पहुंच गया जहां उसे 23 हजार डालर जुर्माना हुआ जिसको बाहर निकालने के लिए वह अपने एक रिश्तेदार सोढी निवासी गांव अकबरपुर की मार्फत एक एजैंट कुलविंद्र सिंह उर्फ दारा निवासी नारायणगढ़ तहसील दसूहा जिला होशियारपुर से मिला। कुलविंद्र सिंह एजैंटी का काम करता था तथा उसका दफ्तर दाना मंडी दसूहा के पास था।

एजैंटी के धंधे में उसकी भाभी तथा गगू निवासी अकबरपुर भी शामिल थे। उसने उसे बताया कि उसके बेटे तरलोक सिंह को कैंप से निकालने के बदले वकील तथा ग्रांटर के लिए व बांड भरने के लिए लगभग 20-21 लाख का खर्च आएगा जिस पर उसने 14 जनवरी, 2019 को सोढी के कहने पर स्टेट बैंक आफ इंडिया करतारपुर की बैंक शाखा से 14 लाख रुपए की रकम आर.टी.जी.एस.की मार्फत कुलविंद्र सिंह के खाते में भेज दी तथा बाकी 7.30 लाख रुपए की रकम उसने सोढी के कहने पर कुलविंद्र सिंह के दफ्तर में दे दी। अपनी सारी जमीन बेचकर उसने पूरी 46.30 लाख रुपए की रकम उक्त आरोपियों को दे दी परंतु इन आरोपियों ने न तो उसके बेटे का बांड भरा और न ही उसे कैंप से निकालने का प्रयास किया। जब उसने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो वह धमकियां देने लगे। उसने तंग आकर एस.एस.पी. कपूरथला से न्याय की गुहार लगाई जिन्होंने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए डी.एस.पी. भुलत्थ देवेंद्र सिंह संधू को जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान जस्स पुत्र स्टीफन काला, सोढी, कुलविंद्र सिंह उर्फ दारा तथा गग्गू व कुलविंद्र सिंह की भाभी के खिलाफ लगे सभी आरोप सही पाए गए। पुलिस टीम ने छापामारी कर एक आरोपी सोढी को गिरफ्तार कर लिया है।

कुछ ही दिनों में फर्जी ट्रैवल एजैंटों ने कर दिया कंगाल
अपने बेटे के सुनहरी भविष्य के खातिर अमरीका भेजने का सपना देखने वाले भारतीय सेना के रिटायर्ड सुखदेव सिंह नायक को फर्जी ट्रैवल एजैंटों ने कुछ ही दिनों में कंगाल कर दिया। भारतीय सेना से अपनी रिटायरमैंट के बाद मिले फंड तथा 4 एकड़ कृषि भूमि के साथ नायक अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकता था लेकिन आरोपियों ने एक साजिश के तहत अमरीका के सपने दिखाते हुए उसे गरीबी के दलदल में धकेल डाला। बताया जाता है कि अपनी इस दास्तान को सुनाने जब पीड़ित सुखदेव सिंह एस.एस.पी. सतिंदर सिंह के पास पहुंचा तो उन्होंने सख्त एक्शन लेते हुए डी.एस.पी. भुलत्थ को तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने के आदेश जारी किए।

Anjna