पत्नी से दुखी होकर की आत्महत्या

punjabkesari.in Saturday, Jun 15, 2019 - 12:30 PM (IST)

कपूरथला (भूषण): अपनी पत्नी के एक युवक के साथ अवैध संबंधों तथा इसको लेकर 3 अन्य आरोपियों द्वारा ताने मारने तथा गाली-गालौच से दुखी होकर एक व्यक्ति ने जहरीली वस्तु खाकर आत्महत्या कर ली। थाना सुभानपुर की पुलिस ने मृतक की माता की शिकायत पर मृतक की पत्नी व 3 अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।  

जानकारी के अनुसार प्रीतम कौर पत्नी चानन निवासी गांव बामूवाल ने थाना सुभानपुर की पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसके लड़के सुखजिंद्र सिंह की शादी 18 वर्ष पहले सर्बजीत कौर पुत्री अमरीक सिंह निवासी बल्लोजला थाना बैरोवाल के साथ हुई थी। उसके बेटे के 3 बच्चे हैं। उसकी बहू सर्बजीत कौर के गोपी पुत्र राजकुमार निवासी भुलत्थ के साथ नाजायज संबंध थे। जो पहले हमारे घर में ही रहता था तथा अब उक्त युवक गुरप्रीत सिंह पुत्र कूक्कू निवासी बामोवाल के साथ रहता है। उसकी बहू सर्बजीत कौर 15 मई, 2019 को उसके लड़के सुखजिंद्र सिंह के साथ लड़ाई- झगड़ा करके अपने मायके घर बलोजला चली गई थी। उसके बेटे ने गुरप्रीत सिंह पुत्र कुक्कू, लाडी पुत्र कुक्कू तथा गोपी पुत्र राजकुमार निवासी गांव बामूवाल से पैसे लेने थे जो उसके लड़के के पास पल्लेदारी का काम करते थे।

इसी दौरान विगत दोपहर 11 बजे उसका लड़का उक्त आरोपियों के पास पैसे लेने के लिए गया जहां तीनों आरोपियों ने ताने मारते हुए उसकी पत्नी सर्बजीत कौर के गोपी पुत्र राज कुमार निवासी भुलत्थ के साथ नाजायज संबंध होने की बात कही तथा उसके लड़के सुखजिंद्र सिंह के साथ लड़ाई-झगड़ा करने के साथ-साथ गाली-गलौच भी की। इस दौरान आसपास के लोगों ने उसके लड़के को आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया। घर पहुंचे उसके लड़के ने उसे कहा कि वह गुरप्रीत सिंह, लाडी पुत्र कूक्कू तथा गोपी पुत्र राज कुमार निवासी भुलत्थ तथा अपनी पत्नी सर्बजीत कौर से बेहद दुखी है जिसके बाद उसके बेटे ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News