पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर गोलियों से भूना युवक, इधर-उधर भागे लगे लोग

punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 01:11 PM (IST)

कपूरथला: सुल्तानपुर लोधी की अनाज मंडी कल देर रात गोलियों की आवाज से गूंज उठी जब अज्ञात हमलावरों ने एक आढ़तिए के प्राइवेट फड़ पर मौजूद एक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। खून से लथपथ युवक को लोगों ने तुरंत सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी पहुंचाया, जहां फर्स्ट एड के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च हेल्थ सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान सनी (23) पुत्र सुभाष, निवासी मौजू खेड़ा, जिला सिरसा (हरियाणा) के रूप में हुई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह सनसनीखेज घटना पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई। पुलिस की मौजूदगी से जहां लोगों में भरोसा है, वहीं गोलियों की आवाज ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिया है।

police post

चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने बिना किसी डर के चार से पांच राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनते ही अनाज मंडी में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि हमलावर घटना को अंजाम देकर भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि युवक पर बेरहमी से हमला किया गया, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस चौकी के इंचार्ज जसजीत सिंह ने बताया कि मौके से तीन खाली रौंद बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की हर एंगल से गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस बीच, सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी की डॉ. अर्पण कौर ने बताया कि देर रात एक गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल लाया गया था। उसे फर्स्ट एड देने के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर तुरंत उच्च हेल्थ सेंटर रेफर कर दिया गया। इस दुस्साहसिक फायरिंग ने न सिर्फ अनाज मंडी के व्यापारियों और आम लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि अगर पुलिस चौकी के इतने करीब ऐसी घटना हो सकती है तो आम लोग खुद को कितना सुरक्षित महसूस करें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila