कत्ल सहित 7 खतरनाक वारदातों को अंजाम देने वाला गैंगस्टर संदीप गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Mar 21, 2018 - 08:16 AM (IST)

कपूरथला (भूषण): सी.आई.ए. स्टाफ कपूरथला की पुलिस ने प्रदेश में कुख्यात गैंगस्टर सुखा काहलवां के साथ मिलकर लवली बाबा के कत्ल सहित 7 खतरनाक वारदातों को अंजाम देने वाले एक गैंगस्टर संदीप सिंह उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर एक 38 बोर का रिवॉलर तथा 5 कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार गैंगस्टर कुछ वर्ष पहले इंगलैंड से लौटा था। पत्रकारों को जानकारी देते हुए एस.एस.पी. संदीप शर्मा ने बताया कि एस.पी.डी. जगजीत सिंह सरोआ तथा डी.एस.पी. सोहन लाल की निगरानी में सी.आई.ए. स्टाफ कपूरथला के इंचार्ज इंस्पैक्टर जतिंद्रजीत सिंह ने कुख्यात गैंगस्टर सुखा काहलवां के खास साथी संदीप सिंह उर्फ सोनू पुत्र संतोख सिंह निवासी गांव कपूर थाना पताड़ा जिला जालंधर को गिरफ्तार कर आरोपी गैंगस्टर की निशानदेही पर एक 38 बोर का रिवॉलर सिक्सर बरामद किया है।

एस.एस.पी. ने बताया कि पकड़ा गया गैंगस्टर संदीप सिंह उर्फ सोनू जोकि इंगलैंड का नागरिक है और उसका परिवार इंगलैंड में रहता है, बुरी संगत में फंस कर वापस भारत लौट आया था। यहां पर उसका संपर्क गैंगस्टर सुखा काहलवां से हो गया था और उसके कहने पर उसने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। वर्ष 2005 में उस पर जालंधर के नजदीक लड़ाई-झगड़ा करने के आरोप में थाना सदर जालंधर में मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2008 में उसके पास से एक 32 बोर का रिवॉलर बरामद हुआ था। इसको लेकर उसके खिलाफ थाना आदमपुर में मामला दर्ज किया गया था। वर्ष 2007 में थाना गड़दीवाला में धारा 307, 353, 186 तथा 25/54/59 आम्र्ज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें वह भगौड़ा हो गया था। वर्ष 2010 में ही उक्त गैंगस्टर ने सुखा काहलवां के साथ मिलकर गांव लिदड़ां में लवली बाबा का एक जिम में कत्ल कर दिया था। कत्ल के इस मामले में गैंगस्टर संदीप सिंह उर्फ सोनू करीब साढ़े 4 वर्ष तक जेल में रहा था।

वहीं उक्त गैंगस्टर को सुखा काहलवां ने भाजपा नेता सुदर्शन ढिल्लों के कत्ल को लेकर भी कहा था, लेकिन उसने कत्ल करने से इंकार कर दिया था। वर्ष 2011 में संदीप सिंह उर्फ सोनू के पास से एक अवैध पिस्तौल तथा 5 गोलियां बरामद हुई थीं। इस संबंध में थाना नकोदर में मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में आरोपी के खिलाफ थाना पताड़ा जिला जालंधर में मामला दर्ज हुआ था। एस.एस.पी. ने बताया कि आरोपी गैंगस्टर संदीप सिंह उर्फ सोनू को अदालत ने 21 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। पूछताछ के दौरान कई सनसनीखेज खुलासे होने की संभावना है। 

Punjab Kesari