वाल्मीकि मजहबी सिख मोर्चे ने एस.एस.पी. कार्यालय समक्ष दिया धरना

punjabkesari.in Saturday, Jun 16, 2018 - 12:34 PM (IST)

कपूरथला (गुरविन्द्र कौर): वाल्मीकि मजहबी सिख मोर्चा (रजि.) पंजाब द्वारा अध्यक्ष महिन्द्र सिंह हमीरा की अध्यक्षता में अपनी मांगों संबंधी स्थानीय शालीमार बाग कपूरथला से रोष मार्च निकाला गया। यह रोष मार्च शहर के मुख्य बाजारों में होते हुए पुरानी कचहरी कपूरथला में पहुंचा जहां पुलिस प्रशासन व सरकार विरुद्ध जबरदस्त नारेबाजी की गई।  इस दौरान जिलाधीश कार्यालय व एस.एस.पी. कार्यालय समक्ष धरना भी दिया गया। मोर्चे द्वारा मांगों संबंधी एक मांग पत्र मुख्यमंत्री पंजाब के नाम ए.डी.सी. जनरल राहुल चाबा को दिया गया।

धरने को संबोधित करते हुए अध्यक्ष महिन्द्र सिंह हमीरा ने कहा कि देश की आजादी के बाद अब तक बनी प्रदेश व केंद्र सरकारों ने गरीब, दलितों व आम लोगों को हमेशा अपने स्वार्थ के लिए प्रयोग किया है। इसके साथ ही उनकी बुनियादी जरूरतों को कभी भी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार द्वारा चुनावों दौरान कई प्रकार के वायदे किए गए थे, लेकिन उन्होंने कोई भी वायदा पूरा नहीं किया। हमीरा ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी न की गईं तो उनको अपना संघर्ष और तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। 

मोर्चे की मुख्य मांगें 
*सरकार चुनावों दौरान किए वायदे पूरे करे 
*बेघर लोगों को 5-5 मरले के प्लांट अलाट किए जाएं 
*घर बनाने के लिए ग्रांट दी जाए
*पढ़े-लिखे बेरोजगार नौजवानों को नौकरी दी जाए
*नौकरी न मिलने तक 5 हजार रुपए प्रति माह बेरोजगारी भत्ता दिया जाए 
*केंद्र सरकार द्वारा पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप के तहत भेजी 1700 करोड़ रुपए की राशि तुरन्त अनएडिड विद्ययक संस्थानों को भेजी जाए
*गरीब व खेत मजदूरों का मुकम्मल कर्ज माफ किया जाए
*पंचायती व शामलाट जमीन का 1/3 हिस्सा मजदूरों को दिया जाए 
*एस.सी. वर्ग को अलाट हुई जमीन का मालिकाना हक दिया जाए
*नशा समगलरों व शराब माफिया पर नकेल डाली जाए 
*गरीब नौजवानों पर दर्ज किए गए झूठे पर्चे रद्द किए जाएं
*कानून व्यवस्था को यकीनी बनाया जाए 
*गरीबों व आम लोगों के साथ धक्केशाही बंद की जाए 
*दिव्यागों को नौकरियों में आरक्षण दिया जाए
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News