ढिलवां कस्बे में 2 किसानों की 3 भैंसें चोरी

punjabkesari.in Thursday, Feb 21, 2019 - 10:56 AM (IST)

ढिलवां (स.ह.): स्थानीय कस्बे में गत 19 व 20 फरवरी की रात चोरों ने किसानों की भैंसे चोरी कर लीं। इस संबंधी अजायब सिंह पुत्र गुरमीत सिंह व हरविन्द्रपाल सिंह सोढी पुत्र गुरमेल सिंह, बलजिन्द्र सिंह पिंदा, गुरनाम सिंह व दलजीत सिंह ने बताया कि गुडाणा रोड पर अजायब सिंह व हरविन्द्रपाल सिंह की हवेलियां हैं। चोर रात में अजायब सिंह की हवेली से 2 भैंसें व हरविन्द्रपाल सिंह की हवेली में से 4 भैंसे खोल कर ले गए। सुबह पता लगने पर भैसों की तलाश करने पर हरविन्द्रपाल सिंह की एक भैंस एक खेत में बैठी मिली, जबकि एक और भैंस व एक बछड़ा जी.टी. रोड के नजदीक एक कोल्ड स्टोर के पास मिल गए।

चोर खेतों में से होकर जी.टी. रोड पर 2 भैंसे अजायब सिंह की व 1 भैंस हरविन्द्रपाल सिंह की किसी वाहन में चढ़ा कर ले गए। उन्होंने कहा कि भैंसें चोरी होने से उनका भारी माली नुक्सान हुआ है। उक्त किसानों ने यह भी बताया कि गत कई वर्षो से नगर में मंड में से मोटरें व ट्रांसफार्मर की चोरी होने की निरंतर वारदातें हो रही हैं। पुलिस के पास शिकायतें करने के बावजूद कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि स्थानीय क्षेत्र में आए दिन चोरियां हो रही हैं। इस संबंधी लोगों की मांग है कि पुलिस प्रशासन चोरियों को रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध करे। लोगों का कहना है कि गत कई महीनों से स्थानीय क्षेत्र में रात की पैट्रोलिंग भी बंद है। 

Anjna