जानलेवा हमला करने के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Dec 12, 2018 - 12:37 PM (IST)

सुल्तानपुर लोधी(धीर): थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने गांव जब्बोवाल में आपसी रंजिश के कारण एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के आरोप में 3 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 
थाना सुल्तानपुर लोधी के प्रमुख सर्बजीत सिंह ने बताया कि गत दिनों गांव जब्बोवाल के बूटा सिंह पुत्र अवतार सिंह ने एक बयान में बताया था कि गांव जब्बोवाल में उसके ताया सुरजीत सिंह पुत्र भगत सिंह के घर की दीवार को जगदीप सिंह व गुरदीप सिंह और भोली ने जबरदस्ती तोड़ कर उस जगह पर शौचालय बना लिया और पानी उसके ताया के घर की ओर मोड़ दिया।

इस बारे में पंचायत में शिकायत करने पर पंचायत की ओर से उनको ऐसा करने से रोका गया परंतु उक्त व्यक्तियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। गत कुछ दिनों पहले जब उसके ताया घर पर नहीं थे तो उक्त व्यक्तियों ने बिना बताए बूटा सिंह के घर की दीवार तोडऩी शुरू कर दी और जब बूटा सिंह व उसके पिता अवतार सिंह उनको रोकने गए तो उन्होंने गाली-गलौच व धमकियां देना शुरू कर दीं और जगदीप, गुरप्रीत सिंह व भोली ने उसके ताया बूटा सिंह के सिर पर दातर से हमला कर घायल कर दिया।

गंभीर घायल बूटा सिंह को गांव के कुछ गण्यमान्य लोगों ने अस्पताल में दाखिल करवाया। 
ए.एस.आई. ठाकुर सिंह ने अस्पताल में घायल बूटा सिंह के बयानों और मैडीकल रिपोर्ट पर उक्त तीनों आरोपियों जगदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह दोनों पुत्र बलजिन्द्र सिंह और भोली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में नामजद 3 आरोपियों में से 2 आरोपियों भोली पत्नी बलजिन्द्र और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीसरे आरोपी जगदीप की अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

swetha