10 लाख 50 हजार की ठगी मारने के आरोप में दूसरी महिला भी गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Aug 19, 2018 - 11:39 AM (IST)

खन्ना (सुनील): पुलिस ने शिकायतकर्ता लवप्रीत सिंह पुत्र प्रकाश सिंह निवासी नंदी कालोनी खन्ना की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विदेश भेजने के नाम पर साढ़े 10 लाख 50 हजार रुपए की ठगी मारने वाली दूसरी महिला अनीता पत्नी सुनील निवासी मकान नंबर 100-1 सैक्टर-23 सोनीपत को आज गिरफ्तार करने के उपरांत माननीय अदालत में पेश किया। जिस पर अदालत ने कथित आरोपी महिला को 14 दिनों के लिए जेल भेजने के आदेश दिए। बता दें कि पुलिस ने शिकायतकर्ता   की शिकायत पर पहले कथित महिला आरोपी सुखजिंद्र कौर पत्नी बलविंद्र सिंह निवासी गांव मौजपुर के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया था, जिसे बाद में अदालत ने जमानत दे दी। 

पूछताछ के दौरान उसने उपरोक्त कथित महिला के बारे में पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि उसने आगे अनीता नामक महिला के एकाऊंट में 10 लाख से ऊपर की रकम डाली थी और अनीता ने शिकायतकर्ता के साथ-साथ 3 अन्य लोगों को सीधा जर्मन भेजने की बजाय पहले तुर्की भेज दिया। उसके बाद जब शिकायतकर्ता तथा उसके साथियों को इस बात की जानकारी मिली कि उन्हें बार्डर क्रास करके जर्मन ले जाया जा रहा है तो उन्होंने आगे जाने से मना करते हुए भारत आने को तरजीह दी। भारत लौटने के उपरांत उसने कथित आरोपी को या तो पैसे लौटाने की या फिर सीधे तौर पर जर्मन भेजने की जब बात कही तो पहले तो काफी समय वह उन्हें झूठे आश्वासन देकर समय निकालती रही, वहीं कुछ समय उपरांत उसने पैसे देने से साफ तौर पर मना कर दिया। जिसके चलते एक शिकायत डी.एस.पी. (डी) को दी गई। जिनकी सिफारिश पर कथित महिला आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आज उसे उसके गांव मौजपुर से गिरफ्तार कर लिया गया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पूछताछ के दौरान उसने सोनीपत निवासी अनीता के बारे में जानकारी दी, जिसे पुलिस ने आज लांडरा के पास से गिरफ्तार कर लिया।

क्या कहना है कथित 
आरोपी महिला का जब इस संबंध में कथित आरोपी महिला से बातचीत की गई तो उसने बताया कि सुखजिंद्र कौर ने उसके अकाऊंट में कुछ पैसे डाले थे। उन पैसों को उसने आगे किसी एजैंट को दे दिया, जिसने उसके साथ धोखा किया। एजैंट ने न तो वीजा दिया और न ही पैसे लौटाए।

क्या कहना है आई.ओ. का
इस संबंध में जब केस से संबंधित आई.ओ. सुराजदीन से बातचीत की गई तो उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आज महिला को लांडरा से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके बाद उसे मैडीकल जांच के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जिसके उपरांत माननीय जज की अदालत में पेश करने के बाद उसे 14 दिनों तक जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि कथित आरोपी ने जिस एजैंट का नाम उजागर किया है, से भी पूछताछ की जाएगी। अगर उसका कसूर पाया गया तो उसके खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा।

bharti