गुंडागर्दी का नाच: तेजधार हथियारों से सैलून मालिक पर किया हमला

punjabkesari.in Saturday, Apr 13, 2019 - 12:20 PM (IST)

खन्ना(सुनील): स्थानीय शिक्षा मार्ग पर कुछ युवकों ने एक सैलून के बाहर तलवारें लहराते हुए पहले गुंडागर्दी का नंगा नाच किया, फिर यहीं पर सैलून के संचालक पर तेजधार हथियारों से हमला करते हुए उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमलावर फिर देख लेने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। घायलावस्था में युवक को स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने एम.एल.आर. के माध्यम से इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर अगली कार्रवाई आरंभ कर दी थी। 

सिविल अस्पताल में उपचाराधीन अमरजीत सिंह (22) पुत्र चरणजीत सिंह निवासी श्मशानघाट रोड खन्ना ने बताया कि वह लाला सरकारू मल स्कूल के पास सैलून चलाता है। गत मंगलवार को सैलून पर एक लड़की समूङ्क्षथग के बारे में पूछने आई थी। उसके पीछे एक लड़का आ गया जो वहां उसे बुरा भला कहने लगा। तभी दो-तीन अन्य लड़के वहां आए और सैलून के बाहर ये सभी बहस करने लगे। उसने उन्हें ऐसा करने से रोका और वहां से जाने को कहा। तभी वहां पुलिस के पी.सी.आर. कर्मी भी आ गए थे। जिस कारण मामला शांत हो गया। अगले दिन कुछ नौजवान अपने साथियों समेत सैलून पर आए और उसे धमकियां देने लगे। उसके सैलून में तोडफ़ोड़ भी की गईं, लेकिन वह चुप रहा। वीरवार की शाम को उसे पता चला कि यही लोग उसके सैलून पर हमला करने आ रहे हैं।

 

उसने तुरंत सैलून को ताला लगा दिया। अभी वह बाहर ही निकला था कि कार में सवार 5-6 नौजवान आए। इनके पास तलवारें, दाह, बेसबाल थे। पहले तो तलवारें लहराकर गुंडागर्दी का नंगा नाच किया गया। फिर इन लोगों ने उससे मारपीट करते हुए जमीन पर गिरा दिया और सभी ने उस पर हमला कर दिया। उसकी पीठ पर किसी तीखी चीज से वार किया गया। उसे गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए। बाद में परिवार के लोगों ने उसे सिविल अस्पताल खन्ना में भर्ती करवाया। अमरजीत के अनुसार वह साढ़े 6 बजे शाम को अस्पताल में भर्ती हुआ। वहीं दूसरे पक्ष ने अपना बचाव करने के मकसद से खुद ही चोटिल होकर देर रात करीब साढ़े 11 बजे अस्पताल में भर्ती की। 

पर्चा दर्ज कराने पर टांगें तोडऩे की दी धमकी
सिविल अस्पताल में भी इन लोगों की गुंडागर्दी जारी रही। एक हमलावर ने अपने आप को शहर के एक नामी व्यक्ति का बेटा बताते हुए कहा कि वह उसे देख लेगा। अगर उसमें हिम्मत है तो पर्चा दर्ज कराकर दिखाए। पर्चा दर्ज कराने पर अस्पताल से बाहर निकलते ही उसकी टांगें तोड़ दी जाएंगी। सैलून भी कभी खुलने नहीं दिया जाएगा। 


परिवार वालों ने एस.एस.पी. से लगाई जान बचाने की गुहार
अमरजीत सिंह के परिवार वालों ने एस.एस.पी. खन्ना ध्रुव दहिया से मुलाकात कर गुहार लगाई कि उनके बेटे की जान बचाई जाए और जिन लोगों ने गुंडागर्दी की है उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। भविष्य में भी उनके जान-माल की रक्षा की जाए।


क्या कहना है दूसरे पक्ष का
इस संबंध में जब दूसरे पक्ष के लोगों से बातचीत की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को झूठ और निराधार करार देते हुए कहा कि किसी ने अमरजीत से मारपीट नहीं की। सभी आरोप झूठे हैं। वह कैसे घायल हुआ, उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं।

क्या कहना है आई.ओ. का 
केस से संबंधित आई.ओ. ने कहा कि सिविल अस्पताल से दोनों पक्षों की एम.एल.आर. आई हैं। दोनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जिनकी जांच पड़ताल के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।

Vatika