6 माह की गर्भवती पत्नी की निर्मम पिटाई

punjabkesari.in Saturday, Jul 14, 2018 - 12:29 PM (IST)

खन्ना (सुनील): खन्ना के निकटवर्ती गांव कौड़ी की नवविवाहिता एम. प्रीत कौर (20) पत्नी गुरिंदर सिंह को आज खन्ना के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाने उपरांत घटना की सूचना पुलिस को दी गई, वहीं पुलिस ने लड़की के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अस्पताल में उपचाराधीन एम. प्रीत कौर ने बताया कि उसकी शादी लगभग 8 महीने पहले गुरिंदर सिंह के साथ हुई थी और उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर शादी के अवसर पर दहेज के रूप में सारा सामान दिया था। लड़की ने बताया कि शादी के कुछ महीने बाद उसे रोजाना ही जहां पहले दहेज कम लाने के ताने दिए जाते थे, वहीं बाद में उससे मारपीट भी शुरू कर दी गई। 

पहले तो यह सारे जुल्म यह सोचकर सहती रही कि एक दिन सब कुछ ठीक हो जाएगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। ससुराल पक्ष के जुल्म घटने की बजाय बढ़ते ही चले गए। 2 दिन पहले जब वह अपने मायके आई तो उसने अपने परिवार वालों को सारी कहानी बताई। इस दौरान उसका पति उसे वापस घर आने के लिए फोन पर धमकियां देता रहा। आज ससुराल पक्ष के लगभग 15 लोग सुबह करीब 11 बजे उनके गांव कौड़ी आ गए और उसे जबरदस्ती साथ चलने के लिए कहा। जब उसने साथ जाने से मना कर दिया तो उन लोगों ने उसके घर में ही उसे बुरी तरह से पीटा। इस दौरान उसके पति ने यह जानते हुए कि उसकी पत्नी 6 महीने से गर्भवती है, की पेट में लातें मारकर उसे व उसके बच्चे को नुक्सान पहुंचाने की कोशिश की। 

इसी बीच गुरिंदर की बहन ने भी उसे बालों से घसीटते हुए बुरी तरह से पीटा। एम. प्रीत कौर ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे दहेज के रूप में मोटरसाइकिल की मांग कर रहे हैं, जिसे वे देने में सक्षम नहीं हैं। उसने बताया कि मारपीट के उपरांत उन्होंने उसके घर में भी तोडफ़ोड़ की। एम. प्रीत ने बताया कि उसका पति एंटी ड्रग एसोसिएशन का पूर्व प्रधान भी है, जो खुद रोजाना नशे करता है। जब इस संबंध में उसके पति गुरिंदर सिंह से बातचीत की गई तो उसने सभी आरोपों को झूठा तथा निराधार बताते हुए कहा कि वह न तो नशा करता है और न ही उसने अपनी पत्नी को पीटा है। इतना ही नहीं उसने दहेज के रूप में एक रुपए की मांग भी नहीं की। उलटा शादी के समय हलवाई के खर्च के साथ साथ दूसरा खर्च भी उसने खुद उठाया था। आज जब वह अपनी पत्नी को लेने आया तो उन्होंने उसे साथ न भेजने पर झगड़ा करते हुए उलटा उसे तथा उसकी बहन को पीटा। 

Vatika