विदेश भेजने के नाम पर ठगी, 2 ट्रेवल एजेंटों खिलाफ केस दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Aug 19, 2023 - 10:21 PM (IST)

खन्ना (सुनील) : मलौद थाना पुलिस ने सुखविंदर सिंह पुत्र साधू सिंह निवासी दुधाल की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कथित आरोपियों मनदीप सिंह देओल पुत्र बंत सिंह निवासी 5 गांव रंगिया सदर धूरी संगरूर तथा महकप्रीत सिंह पुत्र जगसीर सिंह निवासी रामगढि़या रोड सामने चिंतपूर्णी मंदिर गली नंबर 1 बरनाला के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 420, 120बी, इमीग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया है। 

शिकायतकर्ता के अनुसार मनदीप सिंह, महकप्रीत सिंह तथा जगसीर सिंह सांझे तौर पर लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। नाकआऊट इमीग्रेशन के नाम पर एससीओ-12 ग्रीन एवेन्यू बरनाला में उनका दफ्तर है। मनदीप सिंह देओल ने उनके पास पहुंच की थी। शिकायतकर्ता के बेटे गुरिंदर सिंह को कनाडा वर्क परमिट भेजने की बात कही थी। बदले में 33 लाख रुपए खर्च बताया था। मनदीप की बातों में आकर शिकायतकर्ता बेटे को कनाडा भेजने के लिए राजी हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता की तरफ से 4 लाख रुपए दफ्तर जाकर दिए गए। बाकी 3 लाख रुपए मनदीप सिंह तथा महकप्रीत सिंह उसके घर आकर ले गए थे। इसके बाद कथित आरोपी टाल मटोल करते रहे। शिकायतकर्ता ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो उसे मनदीप देओल ने चैक उन्हें थमा दिया। लेकिन बैंक में लगाने पर चैक बाऊंस हो गए। इसके बाद कथित आरोपी उसे धमकियां देने लगे तो पुलिस के पास शिकायत की गई। जांच पड़ताल के बाद कथित आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

Content Writer

Subhash Kapoor