5 लाख की डिमांड पूरी न करने पर पत्नी, सास और सालों को पीटा

punjabkesari.in Tuesday, Apr 16, 2019 - 12:31 PM (IST)

खन्ना(सुनील): शहर की फ्रैंड्स कालोनी के रहने वाले विनोद कुमार की लड़की नेहा शर्मा ने अपने पति अमित शर्मा निवासी जालंधर पर 5 लाख रुपए की डिमांड पूरी न करने पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन नेहा शर्मा के पिता विनोद कुमार ने बताया कि उसकी बेटी नेहा की शादी करीब साढ़े 4 साल पहले अमित शर्मा से हुई थी। शादी के बाद इनके घर बेटी ने जन्म लिया, जोकि अब करीब साढ़े 3 साल की है। उसका दामाद अमित शर्मा हमारी बेटी को मायके से पैसे लाने के लिए परेशान करता रहता था।

अब तक वह उनसे करीब 30 लाख रुपए ले चुका है। ज्यादातर रकम की बैंक एंट्री भी उनके पास है, यहां तक कि एल.आई.सी. की किश्त भी दामाद की वही भरते थे। अब दामाद कैनेडा जाना चाहता है। इस लिए उसने उनसे 5 लाख रुपए की मांग की, लेकिन उनके पास 3 लाख रुपए ही थे। उसके परिवार वाले जब जालंधर 3 लाख रुपए लेकर गए तो 2 लाख कम देखते ही दामाद भड़क गया और उसने अपनी सास, पत्नी, तथा सालों पर हमला कर दिया। बड़ी मुश्किल से उन्होंने भाग कर जान बचाई और जालंधर में एस.एस.पी. से मिलने गए। रविवार होने कारण उन्हें कोई पुलिस अधिकारी नहीं मिला। थाने में कोई सुनवाई नहीं हुई तो वे खन्ना आ गए। अब नेहा शर्मा को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाकर एम.एल.आर के माध्यम से घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। 

दूसरे पक्ष ने आरोपों को नकारा
इस संबंध में जब नेहा शर्मा के पति अमित शर्मा से बातचीत की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को झूठ तथा निराधार बताते हुए कहा कि ससुराल परिवार हमेशा उसे दबाता रहता है। रविवार को ससुराल वालों ने जालंधर में आकर उनके घर में ही उससे मारपीट की और फिर वे नेहा तथा बेटी को लेकर भाग गए। उनके साथ किसी ने मारपीट नहीं की। ससुराल वालों ने जालंधर में जो घर में आकर हमला किया, उसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज करा दी गई है। अमित ने कहा कि उन्होंने कभी भी अपने ससुराल वालों से कोई पैसा नहीं मांगा।

swetha