नकली नोटों को बाजार में चलाने वाला दबोचा, 6000 रुपए के नकली नोट बरामद

punjabkesari.in Friday, Jan 24, 2020 - 09:40 AM (IST)

खन्ना: पुलिस जिला खन्ना के एस.एस.पी. गुरशरणदीप सिंह ग्रेवाल की बढिय़ा कार्यशैली के चलते पुलिस ने सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज इंस्पैक्टर गुरमेल सिंह के नेतृत्व में एक ऐसे गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है जो पूरे राज्य में नकली नोट चलाते हुए लोगों को ठगते थे। इस गिरोह के लोग भोले-भाले लोगों को डबल पैसे देने का भी झांसा देते हुए शिकार बना रहे थे। 

पत्रकारों से बातचीत करते हुए सी.आई.ए. के इंचार्ज गुरमेल सिंह ने बताया कि उनके निर्देशों पर जब पुलिस पार्टी थानेदार शमिंद्र सिंह के नेतृत्व में स्थानीय गिल पैट्रोल पंप के पास मौजूद थी तो तभी एक खास मुखबिर ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि दीपक कुमार पुत्र जेठा राम निवासी मेन पंचपीर रोड बसंत नगर अबोहर पिछले काफी समय से लोगों को नकली नोट चलाकर जहां उन्हें आॢथक नुक्सान पहुंचा रहा है। वहीं, भोले-भाले लोगों से असली नोट लेकर उन्हें नकली नोट थमा रहा है। अगर तुरंत रेड की जाए तो उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार किया जा सकता है। 

पुलिस पार्टी ने तुरंत रेड कर उसे गिरफ्तार कर उसके पास से तलाशी दौरान 6 हजार रुपए के नकली नोट भी बरामद किए हैं। पूछताछ दौरान उसने अपने आरोपों को कबूलते हुए बताया कि वह पिछले काफी समय से भारतीय करंसी के जाली नोट तैयार कर इन्हें चलाने का गोरखधंधा कर रहा है। पुलिस ने आज उसे माननीय अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर ली है और उसके खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 489 ए, 489 बी, 489 सी के अधीन मामला दर्ज कर लिया है। एस.एच.ओ. ने बताया कि कथित आरोपी से पूछताछ दौरान कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं। 

swetha