विदेश भेजने के नाम पर की लाखों की ठगी

punjabkesari.in Sunday, Jan 20, 2019 - 04:22 PM (IST)

खन्ना(सुनील): पुलिस ने शिकायतकर्ता कुलवीर सिंह पुत्र बचित्र सिंह निवासी गांव बाहोमाजरा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए रणधीर सिंह उर्फ बीटा पुत्र बलदेव सिंह निवासी गांव रसूलड़ा, लखविंद्र सिंह पुत्र सरूप सिंह निवासी बदेशी कलां थाना मूलेपुर जिला फतेहगढ़ साहिब, मनदीप सिंह उर्फ कमल कुमार पुत्र जसवंत सिंह निवासी गांव मीरपुर जिला फतेहगढ़ साहिब के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा-420, 120 बी के साथ इमीग्रेशन एक्ट 24 के तहत मामला दर्ज करते हुए अगली कार्रवाई आरंभ कर दी थी। 

इनमें मुख्य कथित आरोपी रणधीर सिंह बीटा पूर्व कांग्रेसी पंच का बेटा है। शिकायतकत्र्ता के अनुसार वह और उसका दोस्त जगदीप सिंह पुत्र सुखदेव सिंह पढ़ाई के बाद रोजगार की तलाश में थे। उनके गांव के हरदीप सिंह पुत्र सुखविंद्र सिंह ने उन्हें कहा कि उसके मामा की लड़की का पति रणधीर सिंह बीटा, लखविंद्र सिंह, कमल कुमार विदेश भेजने का काम करते हैं और कई लोगों को भेज चुके हैं। 

मलेशिया भेजने के बदले इन्होंने प्रति व्यक्ति 2,70,000 रुपए की मांग की। शिकायतकत्र्ता और उसके दोस्त ने अपने माता-पिता से बात की। 30 अगस्त 2018 को ये दोनों अपने पासपोर्ट तथा 1,10,000 रुपए रणधीर सिंह बीटा को उसके घर रसूलड़ा जाकर दिए। बाकी की रकम वीजा लगने के उपरांत देने की बात हुई। 3 सितम्बर 2018 को कथित आरोपियों ने मलेशिया का टूरिस्ट वीजा लगवा दिया। पूछने पर उन्हें कहा गया कि एक बार मलेशिया पहुंचों वहां जाकर वर्क परमिट लगवा देंगे।  15 सितम्बर 2018 को वे मलेशिया पहुंच गए। मलेशिया के एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें इमीग्रेशन वालों ने पकड़ लिया और बताया कि उनकी वापसी की टिकट तथा होटल की बुकिंग फर्जी है। 

उन्हें वहां पर 9 दिन जेल में रखा गया। पासपोर्ट, कपड़े, जरूरी कागजात, 40,000 रुपए तथा मोबाइल उनसे छीन लिए गए। 9 दिन उन्हें टार्चर किया गया। वहां से उन्होंने अपने घर वालों से टिकटें मंगवाकर भारत वापसी की। भारत वापस आने पर इन कथित आरोपियों ने पैसे देने से इंकार कर दिया, जिस पर पुलिस से शिकायत की गई और जांच पड़ताल के बाद मामला दर्ज किया गया।

1 गिरफ्तार, 2 फरार
पुलिस ने इस मामले में मुख्य कथित आरोपी रणधीर सिंह बीटा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की कोशिश की जाएगी ताकि उसकी अन्य ठग्गियों का भी पर्दाफाश हो सके। आई.ओ. रघुवीर सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य कथित आरोपी रणधीर सिंह बीटा को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी के 2 कथित आरोपी भी जल्द पकड़ लिए जाएंगे।

समराला रोड पर दफ्तर चलाता था रणधीर बीटा
गांव रसूलड़ा के रहने वाला रणधीर सिंह बीटा समराला रोड पर दफ्तर चलाता था और वहीं पर लोगों को विदेशों के बड़े सपने दिखाकर लूटता था। उसकी लूट की पोल खुलने लगी है और भी कई कारनामे सामने आने की उम्मीद है।

swetha