नाबालिग बहन ने सौतेले भाई और बाप पर लगाया दुष्कर्म का आरोप

punjabkesari.in Tuesday, May 14, 2019 - 11:26 AM (IST)

खन्ना(सुनील): भाई-बहन का पवित्र रिश्ता उस समय कलंकित हो गया जब एक सौतेले भाई ने अपनी छोटी बहन को जबरन पकड़ते हुए उसके साथ दुष्कर्म का असफल प्रयास किया। शोर मचाने पर जब लड़की का पिता मौके पर पहुंचा तो उसने बेटी की सहायता करने के बजाय अपनी बेटे का पक्ष लेते हुए अपनी बेटी को बुरी तरह से पीटने के उपरांत चुनरी से उसका गला दबाने की कोशिश भी की। इतना ही नहीं लड़की को एक बंद कमरे में रखते हुए तरह-तरह की यातनाएं भी दी गईं। सुबह लड़की ने अपनी मां को फोन के माध्यम से घटना की सूचना दी जो उसे इलाज के लिए खन्ना के सिविल अस्पताल में ले आए जहां से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय हिंदी पुत्री पाठशाला, मोहल्ला आहलुवालिया की रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने अपने ही सौतेले भाई के साथ साथ बाप पर संगीन आरोप लगाते हुए बताया कि आज उन दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया ओर जब वह इसमें असफल रहे तो दोनों ने उसके साथ बुरी तरह से मारपीट करते हुए चुनरी से उसका गला दबाने की कोशिश भी की। उसे सारी रात एक कमरे में बंद रखा गया ताकि वह किसी को बता न सके। किसी तरह उनके चुंगल से सुबह छूटने के उपरांत उसने घटना की सूचना अपनी मां के साथ-साथ अन्य रिश्तेदारों को दी। जिन्हें वह खन्ना के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए लाए जहां एम.एल.आर. के माध्यम से घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिसके चलते सिटी-2 पुलिस ने लड़की के बयान कलमबद्ध कर अगली कारवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपना (16) काल्पनिक नाम ने बताया कि जब वह रसोई में खाना बना रही थी, तभी उसका सौतेला भाई रोहित वर्मा (26) पुत्र सतीश वर्मा ने उसे पीछे से जबरन पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लग पड़ा।

इसी दौरान जब उसने इस बात का विरोध किया तो वह उसे जबरन उठाते हुए कमरे में ले गया और उसकी टी-शर्ट के बटन तोड़ दिए। शोर मचाने पर उसके पिता सतीश वर्मा भी कमरे में आ गए जिन्होंने रोहित को समझाने की बजाय उल्टा उसका साथ देते हुए पहले उसे बुरी तरह से पीटा जिसके उपरांत उसका गला चुनरी से दबाते हुए उसे मारने का प्रयास भी किया।बेहोशी की हालत में वह उसे कमरे में बंद कर किसी को बताने की सूरत मेंं गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर चले गए। सारी रात भूखी-प्यासी किसी प्रकार वह उनके चुंगल से छूटने के उपरांत उसने घटना की सूचना अपने सगे भाई तथा अन्य पारिवारिक सदस्यों को दी। जिसके उपरांत उन्होंने जालंधर से आते हुए उसे खन्ना सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। उसने भावुक होते हुए बताया कि वह पिछले काफी समय से उसे इस प्रकार की यातनाएं देते आ रहे हैं।

Vatika