घर के बाहर बुलाकर व्यक्ति का तेज हथियारों से किया कत्ल

punjabkesari.in Thursday, Nov 14, 2019 - 11:08 AM (IST)

लोहरबद्दी/रायकोट(भल्ला): थाना सदर रायकोट के अंतर्गत पुलिस चौकी लोहरबद्दी अधीन गांव ब्रह्मपुर में बीती देर रात एक अमृतधारी व्यक्ति को घर से बाहर बुलाकर उसका तेज हथियारों से कत्ल कर दिया गया। थाना सदर रायकोट में दर्ज करवाए गए मृतक दलबारा सिंह पुत्र गुरमेल सिंह वासी ब्रह्मपुर के परिजनों ने बताया कि गुरसेवक सिंह और दलबारा सिंह दोनों भाई अपने परिवार समेत घर में बैठे थे।

रात 9 बजे के करीब दलबारा सिंह को फोन पर कोई कॉल आई और फोन करने वाला उसको गाली-गलौच कर रहा था। इस संबंधी उसके भाई गुरसेवक सिंह ने दलबारा सिंह को पूछा तो उसने बताया कि उसको बलकार सिंह फौजी पुत्र अमरजीत सिंह वासी ब्रह्मपुर गाली-गलौच कर रहा है और घर में आकर जान से मारने की धमकियां दे रहा है। इस बारे में परिजनों द्वारा गांव के सरपंच को भी सूचित किया गया। 

मृतक के परिजनों ने बताया कि कुछ समय उपरांत उनके घर के गेट समक्ष मोटरसाइकिल आकर रुका और बलकार सिंह ने गाली निकालकर गेट खोलने के लिए आवाज दी जब दरबारा सिंह ने गेट खोला तो बलकार सिंह फौजी और उसकी रिश्तेदारी के लड़के गुरजंट सिंह ने तेज हथियारों से हमला कर उसका कत्ल कर दिया। इस मामले संबंधी थाना सदर के इंचार्ज निशान सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयानों पर कथित आरोपियों विरुद्ध मामला दर्ज कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों को सौंप दिया गया है। 

Vatika