प्रेमी से मिलकर पत्नी ने ही किया था पति का कत्ल

punjabkesari.in Monday, Oct 22, 2018 - 01:54 PM (IST)

खन्ना(कमल): खन्ना पुलिस ने करीब डेढ़ महीना पहले लापता हुए व्यक्ति के कत्ल के मामले में उसकी पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार करके अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। 

एस.एस.पी. ध्रुव दहिया ने प्रैस कांफ्रैंस दौरान बताया कि डी.एस.पी. (आई) खन्ना जगविन्द्र सिंह चीमा, डी.एस.पी. पायल रछपाल सिंह ढींडसा, सी.आई.ए. स्टाफ खन्ना के इंचार्ज इंस्पैक्टर बलजिन्द्र सिंह, थाना मलौद के एस.एच.ओ. थानेदार नछत्तर सिंह व पुलिस पार्टी द्वारा थाना मलौद में दर्ज मुकद्दमा नंबर-98 20 अक्तूबर के अंतर्गत धाराएं 302/201/182 /34 की जांच करते हुए कथित आरोपियों बलजीत सिंह पुत्र बग्गा सिंह निवासी कालिख थाना जोधां और सुखविन्द्र कौर पत्नी सतीश कुमार निवासी धूलकोट थाना योद्धा हाल रामगढ़ सरदारां थाना मलौद को गिरफ्तार किया गया है।
 
एस.एस.पी. खन्ना ध्रुव दहिया ने बताया कि पुलिस के पास मृतक की बुआ कौशल्या देवी पत्नी राज निवासी घुंगराणा थाना जोधां ने बयान दर्ज करवाए कि उसके भतीजे सतीश कुमार पुत्र बलवंत सिंह निवासी धूलकोट का विवाह सुखविन्द्र कौर पुत्री कालू राम निवासी रामगढ़ सरदारों के साथ हुआ था व उनके 3 बच्चे थे। उसने पुलिस को बताया कि विवाह के बाद सतीश कुमार अपने परिवार सहित अपने ससुराल गांव रामगढ़ सरदारां में रहने लगा था। करीब 9-10 सालों से सतीश कुमार गैबन कंपनी बिजोरा (हिमाचल प्रदेश) में प्लम्बर का काम करता था। उसने पुलिस को बताया कि 30 अगस्त को सतीश कुमार जब छुट्टी पर आया तो अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसके परिवार को मिलने के लिए गांव घुंगराना में गया था और रात रहकर दूसरे दिन वापस अपने गांव रामगढ़ सरदारां आ गया था। कौशल्या देवी ने पुलिस को बताया कि उसको बाद में पता लगा कि सतीश कुमार की पत्नी सुखविन्द्र कौर ने अपने पति की गुमशुदगी संबंधी थाना मलौद में रिपोर्ट दर्ज करवाई है और सतीश कुमार का मोटरसाइकिल गांव चमिंडा नहर के समीप से मिल गया था।

उसने बताया कि उसको पक्का यकीन हो गया कि सुखविन्द्र कौर ने अपने प्रेमी बलजीत सिंह से मिलकर सतीश कुमार का कत्ल करके उसके शव को खुर्द-बुर्द कर दिया है क्योंकि जिस दिन सतीश कुमार उनके पास रात रहकर आया था, उस वक्त उसने अपनी पत्नी सुखविन्द्र कौर व बलजीत सिंह के प्रेम संबंधों बारे उसे बताया था। एस.एस.पी. खन्ना ने आगे बताया कि उक्त मामले की गहराई से जांच करते उक्त दोनों प्रेमियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने प्राथमिक पूछताछ दौरान अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि जब बलजीत सिंह व सुखविन्द्र कौर को मिलने के लिए उसके घर रात को आया था तो सतीश कुमार घर में ही मौजूद था। जहां सतीश कुमार व बलजीत सिंह दोनों में हाथापाई हो गई और सुखविन्द्र कौर ने बलजीत सिंह का साथ देकर सतीश कुमार की टांगें पकड़ लीं। बलजीत सिंह ने सतीश कुमार के मुंह पर कपड़ा रखकर उसका गला घोंट कर उसको मार दिया और उसके शव को मोटरसाइकिल पर रखकर गांव चमिंडा की नहर के पास खुर्द-बुर्द करके मोटरसाइकिल को वहीं छोड़ दिया था। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Vatika