दुष्कर्म के बाद जिंदा जलाई लडकी का शव सड़क पर रख लगाया जाम

punjabkesari.in Friday, Apr 26, 2019 - 10:29 AM (IST)

खनौरी (हरजीत): दुष्कर्म के बाद नाबालिगा को जिंदा जलाए जाने के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों ने शव सड़क पर रखकर 5 घंटे दिल्ली-लुधियाना राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न गांवों के लोग शामिल हुए। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड हासिल करने का दावा किया है। 

गांव गुल्हाड के पूर्व सरपंच जसवंत सिंह और गोबिन्द सिंह ने बताया कि लड़की खनौरी में सलाई सीखने आती थी। गुल्हाड के कुछ व्यक्तियों ने 22 अप्रैल को लड़की को खनौरी से अगवा कर लिया। पारिवारिक सदस्यों ने आरोप लगाया कि ब‘ची के साथ पहले तो दुष्कर्म किया फिर उसे जिंदा जला दिया गया। इस संबंधी खनौरी पुलिस ने 2 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों का कहना था कि सरकार का कोई भी अधिकारी पीड़ित परिवार की मदद या हमदर्दी व्यक्त करने नहीं आया। धरनाकारियों ने गांव के मौजूदा सरपंच और आरोपियों की मदद करने व पीड़ित परिवार को धमकाने का आरोप लगाने पर उनके खिलाफ केस दर्ज करने की भी मांग की।

जाम की सूचना मिलते ही डी.एस.पी. मूनक कुलदीप सिंह विर्क और एस.एच.ओ. पातड़ा रणवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर धरनाकारियों को समझाने की बहुत कोशिश की और करीब 5 घंटों की जद्दोजहद के बाद में पातड़ा पुलिस ने पीड़ित परिवार को धमकाने वालों के खिलाफ केस दर्ज करने और पुलिस द्वारा रिमांड दौरान वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों बारे पूछताछ के बाद कार्रवाई करने का भरोसा देकर जाम खुलवाया। खबर लिखे जाने तक मृतका का अंतिम संस्कार नहीं किया गया था। डी.एस.पी. मूनक कुलदीप सिंह विर्क और एस.एच.ओ. खनौरी सोहण सिंह ने बताया कि इस अंधे कत्ल को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है और वारदात में शामिल दोनों आरोपियों नवदीप सिंह (17) और रछपाल सिंह (20) को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की गई थी जिस पर अदालत ने नाबालिग दोषी को ऑब्जर्वेशन होम शिमलापुरी लुधियाना ज्यूडीशियल रिमांड और दोषी रछपाल का एक दिन का पुलिस रिमांड दिया है। दोषी से वारदात संबंधी पूछताछ की जा रही है।

Vatika