राजस्थान से अफीम सस्ते भाव पर लाकर बेचने वाले 2 दबोचे

punjabkesari.in Friday, Mar 08, 2019 - 10:42 AM (IST)

लुधियाना(ऋषि): राजस्थान से अफीम की तस्करी कर लाने वाले 2 तस्करों को सी.आई.ए.-1 की पुलिस ने दबोचा है। पुलिस ने उनके पास से 2 किलो अफीम बरामद कर थाना डेहलों में एन.डी.पी.एस. एक्ट के अधीन केस दर्ज किया है। डी.सी.पी. क्राइम गगनअजीत सिंह व ए.सी.पी. क्राइम अनिल कुमार काहली ने बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान सत्य नारायण (22) निवासी गांव गिल और जगरूप सिंह (38) निवासी गांच खानपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने उन्हें सूचना के आधार पर लुधियाना-मालेरकोटला रोड पर रणजीत एवेन्यू के पास से तब गिरफ्तार किया, जब वे अफीम की डिलीवरी करने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में सामने आया है कि दोनों की डेयरी है। लगभग 6 महीने पहले दोनों की मुलाकात एक ढाबे पर हुई थी। सत्य नारायण राजस्थान से अफीम की दूसरी बार तस्करी कर लाया था, जबकि जगरूप सिंह रिटेल में अफीम बेच रहा था। जगरूप के खिलाफ वर्ष 2017 में भी बरनाला सिटी में एन.डी.पी.एस. एक्ट के अधीन केस दर्ज हुआ था। पुलिस दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर गहनता से पूछताछ कर रही है। 

Vatika