22.60 लाख की जाली करंसी सहित 2 गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Feb 27, 2020 - 09:01 AM (IST)

लुधियाना(राज): शॉर्टकर्ट ढंग से पैसे कमाने के लिए 2 युवकों ने घर से ही जाली करंसी बनाने का धंधा शुरू कर दिया। आरोपियों ने यू-ट्यूब से नकली नोट बनाने का तरीका देखा था व कुछ ही महीनों में 5 लाख की जाली करंसी बेच भी दी। काऊंटर इंटैलीजैंस और कमिश्नरेट की पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोचकर उनसे 22.60 लाख की जाली करंसी सहित लैपटॉप, प्रिंटर, लैमीनेटर, बिना नंबर की बाइक और अन्य सामान बरामद किया है।

आरोपियों के पास मिली करंसी में 2000, 500, 200 और 100 रुपए के नोट शामिल हैं। पकड़े गए आरोपी रायकोट के गांव ताजपुर का विक्की और अयाली खुर्द के न्यू दशमेश नगर का साहिल हैं। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। डी.सी.पी. (इंवैस्टीगेशन) एस.पी.एस. ढींडसा ने बताया कि काऊंटर इंटैलीजैंस और सी.आई.ए. (3) की पुलिस को इसकी सूचना मिली थी जिसके बाद शिमलापुरी स्थित अरोड़ा कट की लाइटों पर नाकाबंदी कर बाइक पर आ रहे दोनों आरोपियों को रोका और जब उनका बैग चैक किया तो उसके अंदर से करंसी बरामद हुई। जब करंसी चैक करवाई गई तो वह जाली निकली। इसके बाद आरोपियों को पकड़ आगे की पूछताछ शुरू की। 

छत्तीसगढ़ के नरेश कुमार से हासिल की महारत
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से यू-ट्यूब से नकली नोट बनाने का तरीका सीखा था। इस दौरान यू-ट्यूब के कमैंट बॉक्स के जरिए छत्तीसगढ़ के नरेश कुमार नाम के युवक से हुई जिसके जरिए उन्होंने नकली नोट में बनाने में महारत हासिल कर ली। नरेश ने उन्हें कहा था कि नकली नोट बनाकर उसे भिजवा दो, वह मार्कीट में बिकवा देगा जिसके बाद उन्होंने नकली नोट बनाने का कारोबार घर से ही शुरू कर दिया।  
  
नरेश का ठिकाना तलाश रही है पुलिस
पुलिस के अनुसार अभी सिर्फ यही पता चला है आरोपी नरेश छत्तीसगढ़ का निवासी है। उसका ठिकाना कहां है और वह असल में क्या काम करता है, इस बारे में पता लगाया जा रहा है। आरोपी नरेश के कहने पर आरोपियों ने हैबोवाल काली माता मंदिर के पास 5 लाख रुपए के नकली नोट किसी को दिए थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट आरोपियों ने किस व्यक्ति को दिए हंै। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं। दोनों ही डी.एम.सी. अस्पताल के लॉन्ड्री सैक्शन में काम करते थे।  

Vatika