5 करोड़ की हैरोइन सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Mar 23, 2018 - 12:22 PM (IST)

लुधियाना(अनिल): स्पैशल टास्क फोर्स (एस.टी.एफ.) लुधियाना रेंज की टीम ने 2 नशा तस्करों को 5 करोड़ की हैरोइन सहित गिरफ्तार किया है।एस.टी.एफ के लुधियाना इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि एस.टी.एफ. की टीम कल सैक्टर 39 में कम्युनिटी सैंटर की तरफ जा रही थी कि वहां बनी पार्क में 2 व्यक्ति पुलिस को देख भाग खड़े हुए। दोनों को काबू कर उनकी तलाशी ली तो उनसे एक किलो हैरोइन बरामद हुई। दोनों की पहचान राजेश कुमार गेजा (40) व रजिंदर सिंह विक्की (27) वासी दोराहा के रूप में हुई। इनके खिलाफ थाना मोती नगर में एन.डी.पी.एस. एक्ट के अधीन मामला दर्ज किया गया है।

दोनों तस्करों पर कई मामले दर्ज 
दोनों तस्कर पिछले लम्बे समय से नशा तस्करी करते आ रहे हैं जिसमें राजेश कुमार पर हत्या की कोशिश करने के 3 मामले, नशा तस्करी के 2 मामले व रजिंदर सिंह पर नशा तस्करी के 2 मामले दर्ज हैं। दोनों कई बार जेल में जा चुके हैं। वह दोनों जेल से जमानत पर बाहर आए हुए हैं।

दिल्ली से एक नाईजीरियन से लेकर आए थे खेप 
हरबंस सिंह ने बताया कि पकड़े गए नशा तस्कर दोराहा में बड़े स्तर पर नशा बेचने का काम करते हैं। इनके पास प्रति दिन परचून में 200 से ज्यादा ग्राहक नशा लेकर जाते हैं। इस बार ये दोनों आरोपी दिल्ली से एक नाईजीरियन से हैरोइन की खेप लेकर आए थे। दोनों पहले खुद नशे का सेवन करते थे। जब नशे की पूर्ति नहीं होती थी तो दोनों नें इसे बेचने का काम भी शुरू कर दिया। 

Punjab Kesari